बिहार में 70% से अधिक अधिकारी चाहते हैं कि अभी कोरोना को लेकर सख्ती बरती जाए। वहीं, 30% अफसरों का कहना है कि अब दुकानों को खोलना चाहिए। अधिक संख्या में अधिकारियों ने राय दी कि स्कूलों को खोलना अभी ठीक नहीं होगा। जबकि, कुछ अफसरों का तर्क था कि पढ़ाई के नुकसान को देखते हुए इस दिशा में विचार करना चाहिए।
यह मंथन शनिवार को अनलॉक को लेकर हुई अधिकारियों की बड़ी बैठक में हुआ है। इसमें स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों के साथ राज्य के सभी जिलों के DM और SP के साथ अन्य अधिकारी शामिल हुए। इस बैठक के बाद ही आगे की रुपरेखा तय की जाएगी।
आपको बता दें कि बिहार में 6 जुलाई तक अनलॉक-3 जारी है। अनलॉक-4 पर सरकार जल्द फैसला लेगी।
टेस्टिंग और ट्रैकिंग पर जोर
स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने निर्देश दिया है कि जिलों में टेस्टिंग और ट्रैकिगं बढ़ाई जाए। साथ साथ ही वैक्सीनेशन पर पूरा जोर दिया जाए। किसी भी दशा में वैक्सीनेशन के काम में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कहा गया है कि कि ट्रैकिंग और टेस्टिंग पर विशेष जोर दिया जाए। इससे संक्रमण का पता चलेगा और फिर प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी। जिलों को वैक्सीनेशन से लेकर टेस्टिंग और ट्रैकिंग का निर्देश दिया गया है। कहा गया है कि बाहर से आने वालाें पर नजर रखी जाए और उनकी जांच के साथ ट्रैकिंग भी की जाए।
बिहार में अनलॉक-3 छह जुलाई तक जारी है।
अफसरों के फीडबैक के बाद होगा निर्णय
शनिवार को अधिकारियों की हुई बैठक में मिले फीडबैक के आधार पर ही आगे की सख्ती बढ़ाई जाएगी। इस संबंध में शनिवार शाम तक बिहार सरकार की तरफ से आदेश भी जारी कर दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को हुई बैठक में अधिकतर अफसरों ने अपना फीड बैक अभी सख्ती को लेकर दिया है।
हालांकि तेजी से कम हो रहे मामलों को लेकर अधिकांश अफसरों ने यह भी तर्क दिया है कि अब सामान्य दिनों की तरफ बढ़ना चाहिए। स्कूल और कॉलेजों को लेकर भी फीडबैक लिया गया है जिस पर शनिवार की शाम सरकार की तरफ से निर्णय लिया जा सकता है।
6 जुलाई तक जारी है अनलॉक-3
बिहार में अनलॉक-3 में बड़ी रियायतें दी गई हैं। अब सभी सरकारी और प्राइवेट ऑफिस 100% उपस्थिति के साथ खुल सकेंगे। दुकानें भी अब शाम में 6 बजे की जगह 7 बजे तक खुलेंगी। हालांकि अभी अल्टरनेट सिस्टम जारी रहेगा। नाइट कर्फ्यू रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा। सभी पार्कों-उद्यानों को भी अब सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक खोलने की अनुमति दे दी गई है।
बिहार में घट रहे हैं कोराेना के मामले
कोरोना का ग्राफ बिहार में गिर रहा है, लेकिन राजधानी पटना में नए मामलों में तीन दिनों से बढ़त दिख रही है। यह कोरोना को लेकर बाजारों में लापरवाही का नतीजा भी हो सकता है। अनलॉक में सब कुछ सामान्य होने के बाद लोग सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क का नियम भूलने लगे हैं। ऐसे में कोरोना का संक्रमण फिर खतरा बनकर आ सकता है।
नए संक्रमण के आंकड़ों में उतार चढ़ाव के कारण ही सरकार जांच की संख्या नहीं घटा रही है। 24 घंटे में 1,22,044 लोगों की जांच कराई गई है जिसमें 181 नए मामले आए हैं। राजधानी में संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रैंडम जांच बढ़ा दी गई है।




Leave a Reply