फल मंडी से राहत भरी खबर आई है। अब आप सस्ते में सेब का स्वाद ले सकते हैं। हिमाचल प्रदेश से सेब की आमद शुरू हो गई है। पहली खेप गुरुवार को थोक फल मंडी बाजार समिति में पहुंची। इसका थोक भाव 100 रुपये किलो खुला है। खुदरा में यह 110 से 120 रुपये किलो है।
सेब की ऊंची कीमत से अधिकांश लोग फल मंडी में इसकी खरीदारी करने से परहेज करने लगे थे। थोक मंडी बाजार समिति में स्टोर के सेब का भाव 180 रुपये किलो जबकि विदेशी सेब 220 रुपये किलो बिक रहा है। खुदरा बाजार में सेब 200 से 250 रुपये किलो के बीच में बिक रहा है। लोग इंतजार कर रहे थे कि सेब की नई पैदावार जल्द बाजार में आए। अब यह इंतजार खत्म हो गया है। थोक मंडी बाजार समिति के व्यवसायी राकेश कुमार ने कहा कि सेब की नई पैदावार एक जुलाई को मंडी में पहुंची। पहली खेप में 10 टन की आमद हुई है। इसका थोक भाव 100 रुपये किलो खुला है। खुदरा भाव 110 से 120 रुपये किलो है।
हिमाचल प्रदेश से आमद बढ़ने पर सेब का भाव अगले सप्ताह तक और नीचे आएगा। मंडीदारों का कहना है कि हिमाचल का सेब देखने में हरा और रसीला होता है और इसमें कश्मीरी सेब की तुलना में मिठास कम होती है। हालांकि कश्मीरी सेब से इसकी पैदावार पहले ही तैयार हो जाती है। हिमाचल प्रदेश के सेब की नई पैदावार अब निकलने लगी है। अगले सप्ताह तक इसकी आमद 50 से 60 टन होने की संभावना है। इसके बाद थोक मंडी में भाव भी 70 से 80 रुपये प्रति किलो पर आ जाएगा।





Leave a Reply