छपरा. बिहार में एक बार फिर से जेलों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं. मामला छपरा से जुड़ा है जहां के मंडल कारा में कैदियों द्वारा मोबाइल (Mobile In Chapra Jail) इस्तेमाल का वीडियो सामने आया है. वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जेल में छापेमारी की. हालांकि 2 घंटे चली छापेमारी के बाद यहां कुछ भी आपत्तिजनक सामान नहीं मिला. इस बीच वीडियो वायरल (Viral Video) होने के बाद 24 घण्टे के भीतर जेल प्रशासन लगातार कार्रवाई किया और जेल से अभी तक छह मोबाइल बरामद किया जा चुका है.
इस मामले में जेल अधीक्षक ने दो कक्षपालों को निलंबित कर दिया है. दुष्यंत और सफीकउद्दीन पर आरोप है कि इनकी लापरवाही से जेल में मोबाइल पहुंचा था. जेल से एक साथ इतनी मात्रा में मोबाइल मिलने से सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं. इसे लेकर भगवान बाजार थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है. छपरा मंडल कारा में ऐसी तस्वीरों वायरल होने का यह नया मामला नहीं है. इससे पहले भी जेल के अंदर बर्थडे मनाने का वीडियो वायरल हो चुका है जिसमें बड़ी कार्रवाई हुई थी.
इस बार जेल के वार्ड संख्या 20 के कुछ कैदियों द्वारा मोबाइल इस्तेमाल करने की तस्वीरें सोशल मीडिया में अचानक वायरल हो गईं, जिसे देखते हुए एसपी ने जेल प्रशासन को कार्रवाई का निर्देश दिया था. इस बीच बुधवार की सुबह ही प्रभारी डीएम और एसपी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ जेल पर पहुंच गया और छापेमारी शुरू कर दी.
एक-एक कर सभी वार्डों की तलाशी ली गई और 2 घंटे तक यह बड़ी कार्रवाई चली लेकिन इस कार्रवाई में कुछ भी बरामद नहीं हुआ. बाद में एसपी ने पत्रकारों को बताया कि जेल प्रशासन ने पहले ही की बड़ी कार्रवाई कर 6 मोबाइल बरामद कर लिया है. एसपी संतोष कुमार ने बताया कि जेल प्रशासन को कई निर्देश दिए गए हैं ताकि आने जाने वाले लोगों की सघन तलाशी हो और जेल के अंदर मोबाइल किसी भी हालत में नहीं पहुंचे.




Leave a Reply