BIHARBreaking NewsSTATE

गंडक,बूढ़ी गंडक सहित सभी नदियों में उफान, बगहा शहर पर ख’तरा, पलायन करने लगे लोग

उत्तर बिहार के सभी जिलों में पिछले चौबीस घंटे से हो रही लगातार बारिश से सभी नदियां एक बार फिर से उफान पर है। गंडक और बूढ़ी गंडक के साथ ही अब बागमती भी रौद्र रूप धारण करने लगी है। गंडक में लगातार पानी बढ़ने से पश्चिमी चंपारण के बगहा शहर पर खतरा बढ़ने लगा है। बगहा के कई मोहल्लों से करीब पानी पहुंचने लगा है। प्रशासन ने इसको लेकर अलर्ट भी जारी किया है। वहीं,बूढ़ी गंडक में तेजी से पानी बढ़ने के कारण मुजफ्फरपुर के निचले इलाकों में परेशानी बढ़ने लगी है। पिछले चौबीस घंटों में दर्जन भर से अधिक नए मोहल्लों में पानी घुस गया है। लोग तेजी से बांधों या अन्य सुरक्षित स्थानों पर जाने लगे हैं।

फिलहाल सबसे खराब स्थिति पश्चिमी चंपारण के बगहा की है। शहर के पारसनगर और अग्रवाल वाटिका सहित दर्जन भर से अधिक मोहल्लों के लोगों की बेचैनी बढ़ गई है। प्रशासन ने भी तेजी से इन इलाकों को बचाने की कवायद शुरू कर दी है। मुजफ्फरपुर के शहरी इलाकों में पानी का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। वहीं बागमती में पानी बढ़ने के कारण मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनने लगी है।

केंद्रीय जल आयोग के अनुसार बेनीबाद (गायघाट) में बागमती नदी का जलस्तर 47.36 मी. दर्ज किया गया है। हायाघाट में बागमती 40.85 मीटर पर बह रही है। उधर अधवारा नदी सोनवर्षा (सीतामढ़ी) में 79.46 मीटर पर बह रही है। यही नदी दरभंगा के कमतौल में 49.10 मीटर जबिक एकमीघाट में भी यह 44.74 मीटर पर बह रही है। इधर, कमला नदी मधुबनी के जयनगर में 67.43 मीटर पर मगर तेजी से खतरे के निशान की ओर बढ़ रही है। बेनीपट्टी से गुजरने वाली धौस नदी में मामूली वृद्धि हुई है। पूर्वी चंपारण के सिकरहना नदी का जलस्तर बढ़ने से दुबारा बाढ़ का पानी निचले इलाके में फैल रहा है। नगर के वार्ड नंबर 1 व 2 बाढ़ से घिर गया है। पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि नगर गंडक बराज से 93,000 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। पूर्वी चंपारण के डुमरियाघाट व चटिया में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है।

समस्तीपुर में बूढ़ी गंडक का जलस्तर बढ़ने का सिलसिला जारी है। रविवार सुबह 6 बजे 45.15 मीटर पर जलस्तर पहुंच गया। जो कि खतरे के निशान से 58 सेमी नीचे है। यहां खतरे का निशान 545.73 मी है। उधर, मोहनपुर में गंगा का जलस्तर स्थिर है। सुबह 6 बजे सरारी में गंगा का जलस्तर 44.20 मीटर रहा है। प्रवृति जलस्तर के स्थिर रहने की है । इस स्थल पर खतरे का निशान 45.50 मीटर है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.