पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने राजधानी में जल जमाव पर अपनी सफाई दी है. उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की भांति इस बार ऐसी कहीं विकट स्थिति नहीं दिखी, जिसकी आलोचना करें. उन्होंने कहा कि भारी बारिश होने पर जल निकासी के लिए छह से आठ घंटे का समय लगना लाजिमी है. और वही हुआ, निगम ने चंद घंटों के भीतर जल जमाव वाले क्षेत्र से जल निकासी को सुनिश्चित करा दिया.
उन्होंने कहा कि पिछले पांच दशक में यह पहली बार हुआ है कि पटना जैसे शहर में सीवरेज का काम नए सिरे से किया जा रहा है. ऐसे में पुरानी सड़कों को खोदकर ही यह काम पूरा किया जा सकता है. हमने बरसात पहले तक 90 फीसदी सड़कों को सही करने का निर्देश दिया था, इसपर तेजी से काम चल रहा है. अगर कहीं कुछ कमी रह गई है तो उसे भी जल्द ही दूर किया जाएगा. उन्होंने कहा कि शहर के लोहानीपुर, राजनेंद्रनगर, चांदमारी रोड आदि इलाकों में इस बार जल जमाव की शिकायत नहीं मिली.
शहर का मुख्य इलाका ईको पार्क के पास संप हाउस खराब होने से कुछ परेशानी आई, जिसे जल्द ही दूर किया जाएगा. पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि इससे पहले भी जल जमाव होने पर मोटर पंप के सहारे जल निकासी होती थी. नगर निगम इस पर भी लगातार एलर्ट है. हम लोगों को आश्वस्त करते हैं कि अब राजधानी में जल जमाव की समस्या से लोगों को जूझना नहीं पड़ेगा.


Input : LiveCities



Comment here