दिग्गज महिला क्रिकेटर मिताली राज (Mithali Raj) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में 22 साल का लंबा सफर पूरा किया है. वह महान सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) के बाद इस मुकाम को हासिल करने वाली दूसरी क्रिकेटर बनी हैं.


राजस्थान में जन्मीं मिताली ने भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. वह कई क्रिकेटरों के लिए आइडल हैं. उन्होंने वनडे अंतरराष्ट्रीय करियर के 22 साल पूरे कर लिए हैं.

मिताली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू 26 जून, 1999 को किया था, तब उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ अपना पहला वनडे मैच खेला था. आज वनडे अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 22 साल पूरे कर लिए हैं. महान बल्लेबाज सचिन ने भी 22 साल का लंबा सफर पूरा किया था, जिनका वनडे करियर 22 साल 91 दिन का रहा.

दुनिया के महान बल्लेबाजों में शुमार सचिन तेंदुलकर ने पाकिस्तान के खिलाफ 18 दिसंबर, 1989 को वनडे डेब्यू किया था. उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच भी पाकिस्तान के खिलाफ ही ढाका में 18 मार्च 2012 को खेला था. उस मुकाबले में सचिन ने 48 गेंदों पर 52 रन की पारी खेली थी.

38 साल की मिताली ने अपने करियर में 11 टेस्ट, 214 वनडे और 89 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. उनके नाम टेस्ट में एक शतक और 4 अर्धशतकों की मदद से कुल 669 रन, वनडे में 7 शतक और 55 अर्धशतकों की बदौलत 7098 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 2364 रन हैं जिनमें 17 अर्धशतक शामिल हैं.

मिताली वनडे अंतरराष्ट्रीय में 6,000 रन पूरे करने वाली भी पहली महिला क्रिकेटर हैं. उनके बाद पूर्व इंग्लिश महिला क्रिकेटर चार्लोट एडवर्ड्स का नाम आता है जिनके नाम इस फॉर्मेट में 5992 रन दर्ज हैं.



Leave a Reply