BIHARBreaking NewsSTATE

बीजेपी MP अजय निषाद के बयान पर घमासान, अब सहयोगी JDU ने साधा निशाना

पटना. बिहार में पिछले दिनों सिवान, बांका और दरभंगा में हुए ब्लास्ट पर सियासत तेज हो गयी है. ब्लास्ट को लेकर बीजेपी सांसद अजय निषाद के बयान बवाल मचा है. सहयोगी जदयू ने भी उनपर निशाना साधा है. जदयू एमएलसी गुलामरसुल बलियावी ने इस सांसद अजय निषाद के बयान पर कहा कि जिन लोगों ने देश की आजादी में कोई योगदान नही दिया उन्हें क्या मालूम मदरसों में कैसी पढ़ाई होती है.

बिहार में एक के बाद एक ब्लास्ट की घटनाओं पर बीजेपी के तेवर तल्ख हैं. बीजेपी सांसद अजय निषाद और पार्टी के पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि मदरसों में बचों को धार्मिक पढ़ाई के नाम पर बरगलाया जाता है. बच्चों को धार्मिक उन्माद पढ़ाया जाता है जिसके बाद जब बच्चे ऐसे मदरसों से पढ़ कर निकलते हैं तो विध्वंसक गतिविधियों में शामिल होते हैं. बीजेपी के इन नेताओं के बयान के बाद सहयोगी जदयू और हम पार्टी भी बीजेपी पर हमलावर है. जदयू नेता गुलाम रसूल बलियावी ने कहा कि जिन्होंने कभी मदरसा देखा नहीं मदरसे का इतिहास पढ़ा ना हो वह क्या जाने कि वहां क्या पढ़ाई की जाती हैं. ऐसी मानसिकता के लोगों ने देश की आज़ादी की लड़ाई में हिस्सा नही लिया वे मदरसों के इतिहास के बारे में क्या जाने. बाद देश की तरक्की की करनी चाहिए तो ऐसे नेता धार्मिक उन्माद भड़काने की इसी बहाने कोशिश करते हैं.

हम नेता दानिश रिजवान ने भी बेजेपी नेताओ के बयान पर अपनी भड़ास निकाली. दानिश ने कहा कि कोई धर्म और कोई भी शिक्षण संस्थान आतंकवादियों की ट्रेनिंग नहीं देती है. इक्का-दुक्का घटना घट जाए तो उसे पूरे कौम पर सवाल खड़ा करना गलत है. ऐसे अनाप-शनाप बयान देने वालों को पागल खाने भेजना चाहिए. वही ब्लास्ट मामले में बीजेपी नेताओं के बयान पर कांग्रेस और राजद भी हमलावर है. कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष समीर सिंह ने कहा कि बीजेपी के लोग जानबूझ कर भड़काऊ बयान देते हैं. भारत के मुसलमान राष्ट्रवादी हैं. सिर्फ मुसलमानों पर आरोप लगाना ठीक नही. हिन्दू भी उग्रवाद में शामिल हैं. राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि यह बयान निंदनीय है. यदि मदरसों में आतंक की ट्रेनिंग दी जा रही है तो सरकार क्या कर रही है. उनकी ही सरकार है जांच क्यों नहीं करवा रहे हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.