BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में CM नीतीश करेंगे टीकाकरण के महाभियान की शुरुआत, छह महीने में छह करोड़ लोगों को लगेगा टीका

बिहार सरकार ने अगले छह महीने में छह करोड़ लोगों को कोरोना के टीके की डोज देने का लक्ष्‍य निर्धारित किया है। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार टीकाकरण महाभियान की शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री हर जिले से जुड़ेंगे और इस महाभियान का विधिवत उद्घाटन करेंगे। वीडियो कान्फ्रेंसिंग से होने वाले इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के साथ ही मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव के साथ ही दूसरे कई पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

छह महीने में 1.36 करोड़ को लगे टीके

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि 16 जनवरी से बिहार में टीकाकरण शुरू हुआ। छह महीने में 1.36 करोड़ लोगों का टीकाकरण किया गया है। 1.16 करोड़ लोगों को पहली डोज और 20.48 लाख को दोनों डोज दी जा चुकी हैं। अभी और 6.14 करोड़ लोगों का टीकाकरण होना है।

मुख्यमंत्री का था महीने में एक करोड़ का लक्ष्य

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले दिनों स्वास्थ्य विभाग की एक समीक्षा बैठक में छह महीने में छह करोड़ लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य स्वास्थ्य विभाग को दिया था। केंद्र सरकार द्वारा 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए मुफ्त टीका देने के फैसले के बाद सरकार ने महीने में एक करोड़ लोगों को टीका देने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

प्रेजेंटेशन के बाद मुख्यमंत्री करेंगे अभियान का उद्घाटन

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने रविवार को बताया कि महीने में एक करोड़ लोगों के टीकाकरण की कार्ययोजना बना ली गई है। उसका प्रेजेंटेशन सोमवार की शाम चार बजे मुख्यमंत्री के समक्ष होगा। प्रेजेंटेशन के बाद मुख्यमंत्री विधिवत रूप से टीकाकरण के महाभियान की शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभाग पूरी तत्परता से तैयारी कर रहा है और एक जुलाई से 31 दिसंबर के बीच राज्य में बचे हुए सभी छह करोड़ लोगों का टीकाकरण कर दिया जाएगा।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.