BIHARBreaking NewsSHEOHARSTATE

शिवहर : वैक्सीनेशन की रफ्तार को दी जा रही गति

  • शुक्रवार को जिला से लेकर गांव तक टीका देने स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची

शिवहर, 18 जून।

जिले में टीकाकारण अभियान को गति देने का प्रयास जारी है। शुक्रवार को जिला से लेकर गांव तक टीम पहुंची। खराब मौसम के बीच स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने अधिक से अधिक लोगों को टीका लगाने का प्रयास किया। जिला अस्पताल समेत पीएचसी एवं एपीएचसी पर टीकाकरण हुआ। तरियानी पीएचसी अंतर्गत विशुनपुर फकीरा में चिकित्सा कर्मियों द्वारा कैंप लगाकर लोगों का टीकाकरण किया गया। टीकाकरण के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार ने लोगों को जागरूक किया। साथ ही बचाव के बारे में जानकारी दी। तरियानी पीएचसी के लेख प्रबंधक सह कोविड 19 पर्यवेक्षक राजीव कुमार चौबे ने कहा कि तरियानी पीएचसी अंतर्गत सभी गांवों में तेज गति से टीकाकरण का काम चल रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी है।

शिक्षकों-जीविका कर्मियों के लिए विशेष अभियान

राजीव कुमार ने बताया तरियानी पीएचसी अंतर्गत पंचायत भवन खोठा, एपीएचसी नरवारा, मध्य विद्यालय माधोपुर छाता, एपीएचसी गंगा धरमपुर, सरवरपुर बेलहिया, वृंदावन आदि जगहों पर 45 से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगाया गया। वहीं विशुनपुर फकीरा में 18 से 44 वालों को टीका देने के लिए कैंप लगाया गया। शिक्षकों के लिए फतहपुर हाई स्कूल में विशेष अभियान चलाया गया। जीविका प्रतिनिधियों और उनके परिजनों के लिए मध्य विद्यालय घुसुकपुर में विशेष अभियान चलाकर टीका लगाया गया। जिसमें स्वास्थ प्रबंधक दीपनारायण ने सहयोग किया।

शहर के वार्डों में पहुंच रही टीका एक्सप्रेस

टीकाकरण को लेकर शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित वार्ड तीन में टीका एक्सप्रेस पहुंची। वहां पर कोरोना का टीका लगाया गया। इसके साथ वहां लोगों को टीका लेने के लिए जागरूक भी किया गया। केयर की डीटीएल पल्लवी बोस ने बताया कि टीका एक्सप्रेस फर्राटे के साथ दौड़ रही है। हर दिन किसी न किसी वार्ड में टीका एक्सप्रेस पहुंचती है और वहां के लोगों का टीकाकरण करती है। टीका एक्सप्रेस के साथ हमलोग भी जाते हैं, लोगों को जागरूक करने के लिए।

वैक्सीनेशन अभियान को दिया जा रहा गति

सिविल सर्जन डॉ आरपी सिंह ने बताया कि जिले भर में वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिससे हर हाल में वैक्सीनेशन अभियान की रफ्तार को और तेज गति दी जा सके और लोगों को सुविधाजनक तरीके से वैक्सीनेशन कराया जा सके। उन्होंने बताया कि लोग उत्साह के साथ अपने नजदीकी शिविर में जाकर वैक्सीन ले रहे हैं। वैक्सीन लेने के बाद वे अन्य लोगों से भी वैक्सीन लेने की अपील कर रहे हैं। जिसका सकारात्मक प्रभाव भी दिख रहा और लोग अफवाहों को दरकिनार कर वैक्सीनेशन अभियान का बढ़-चढ़ कर हिस्सा बन रहे हैं।

कोरोना काल में इन मानकों का पालन करें :

  • विटामिन-सी युक्त पदार्थों का अधिक सेवन करें।
  • मास्क का उपयोग और शारीरिक दूरी का पालन जारी रखें।
  • अनावश्यक घरों से बाहर नहीं निकलें और भीड़-भाड़ वाले जगहों से परहेज करें।
  • साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें और सैनिटाइजर का उपयोग करें।
  • निश्चित रूप से वैक्सीनेशन कराएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।
  • लक्षण महसूस होने पर कोविड-19 जाँच कराएं।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.