बिहार में स्थापित होने वाली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में कम से कम एक तिहाई सीट छात्राओं के लिए आरक्षित होगी। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी स्थापित हो जाने से राज्य में खेलों को काफी बढ़ावा मिलेगा और बेहतर प्रशिक्षण दिया जा सकेगा। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना की तैयारी शुरू हो गई है। CM नीतीश कुमार ने आज इसको लेकर एक हाईलेवल बैठक की है।
बिहार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी एक्ट-2021 का प्रजेंटेशन
आज CM नीतीश कुमार के सामने स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के संबंध में प्रस्तावित विधेयक का प्रजेंटेशन दिया गया। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना किनी ने बिहार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी एक्ट-2021 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। प्रजेंटेशन देखने के बाद CM ने कहा कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के संबंध में कुछ बिन्दुओं पर और गहन विचार-विमर्श करने की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शीघ्र ही इस पर गहन विचार-विमर्श एवं स्थल भ्रमण कर पुनः प्रस्तुत किया जाय।
उन्होंने कहा कि हम लोगों ने खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए भी कई कदम उठाए हैं। राजगीर में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाया जा रहा है। राजगीर में स्पोर्ट्स एकेडमी का निर्माण कराया जा रहा है, जहां खेलों में अभिरूचि रखने वाले छात्रों को प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्हें स्पोर्ट्स के विभिन्न आयामों की जानकारी दी जाएगी।
छात्राएं प्रेरित होंगी और उनकी संख्या भी बढ़ेगी
CM ने कहा कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी स्थापित हो जाने से राज्य में खेलों को काफी बढ़ावा मिलेगा और छात्रों को बेहतर प्रशिक्षण दिया जा सकेगा। नामांकन में न्यूनतम एक तिहाई सीट छात्राओं के लिए आरक्षित की जाए। इससे स्पोर्ट्स की तरफ छात्राएं और अधिक प्रेरित होंगी और उनकी संख्या भी बढ़ेगी। CM ने यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की, जिसमें संबंधित विभाग के मंत्री और अधिकारी मौजूद थे।





Leave a Reply