BIHARBreaking NewsSTATE

लोजपा में अब खेला होबे, चिराग ने धीरे से खोला पत्ता; अलग से बुलाई कार्यकारिणी की बैठक

पश्चिम बंगाल में तो खेला हो गया. बिहार में भी नेताओं की ओर से लगातार कहा जा रहा है कि यहां भी खेला होबे. लेकिन इसके पहले दिवंगत रामविलास पासवान की पार्टी लोजपा में खेला शुरू हो गया है. अब तक चाचा पशुपति कुमार पारस की ओर से दांव पर दांव चला जा रहा था, लेकिन अब भतीजा चिराग पासवान की ओर से दांव चला जाएगा. इसकी सुगबुगाहट दिखने लगी है. इतना ही नहीं, चिराग ने बगावत करने वाले पांचों सांसदों को पार्टी से निकाला.

लोजपा में बड़ी टूट के बाद कल चिराग पासवान पूरी तरह से शांत थे, लेकिन उनके अंदर क्या गुजर रही होगी, इसे महसूस किया जा सकता है. रामविलास पासवान के निधन के लगभग छह माह ही हुए हैं कि उनके इकलौते बेटे चिराग पासवान को चाचा पशुपति कुमार पारस ने सभी पदों से हटा दिया. लोकसभा में नेता पद से हटाने के बाद आज मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से भी हटा दिया. राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर सूरजभान सिंह को बनाया है. जबकि लोकसभा में नेता पद को पारस ने खुद अपने पास रख लिया.

मिल रही जानकारी के अनुसार, चिराग पासवान ने दिल्ली में हाईलेवल मीटिंग बुलाई है. उस मीटिंग में उनकी ओर से पार्टी को लेकर कोई बड़ा फैसला हो सकता है. हालांकि, इसे लेकर चिराग की ओर से अभी कोई पत्ता नहीं खोला गया है. दूसरी ओर, आज ही चिराग ने अपने पुराने पत्र को शेयर किया है और इमोशनल बातें लिखी हैं. उन्होंने ट्वीट कर लिखा है- ‘पापा की बनाई इस पार्टी और अपने परिवार को साथ रखने के लिए किए मैंने प्रयास किया, लेकिन असफल रहा. पार्टी मां के समान है और मां के साथ धोखा नहीं करना चाहिए. लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है. पार्टी में आस्था रखने वाले लोगों का मैं धन्यवाद देता हूं. एक पुराना पत्र साझा करता हूं.’ पार्टी सूत्रों की मानें तो चिराग पासवान इतनी आसानी से हार नहीं मानने वाले हैं. बैठक में जरूर कोई गुल खिलेगा.

इधर, पशुपति कुमार पारस के नेतृत्व में आज ही कार्यसमिति की बैठक हुई. इसमें चिराग पासवान को राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से हटा दिया गया. पार्टी संविधान की दुहाई दी गई. कहा गया कि एक व्यक्ति एक पद का पालन किया गया है. फिलहाल कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर पूर्व सांसद सूरजभान सिंह को मनोनीत किया गया है. साथ ही कहा गया है कि अगले पांच दिनों में बैठक होगी, उसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा.

गौरतलब है कि कल लोजपा में उस समय सियासी भूचाल आ गया था, जब चिराग को छोड़कर पांच सांसद एक तरफ हो गए. पांचों सांसदों ने पशुपति कुमार पारस को अपना नेता मान लिया. साथ ही लोकसभा में पारस को नेता बनाया गया. इस बाबत भेजे गए पत्र पर ओमप्रकाश बिड़ला ने मंजूरी दे दी और कल रात में ही लोकसभा सचिवालय से इसकी विज्ञप्ति भी जारी हो गई. बहरहाल, कल चिराग की घंटों इंतजारी के बाद भी चाचा पशुपति कुमार पारस ने मुलाकात नहीं हो सकी थी. यहां तक चिराग के प्रस्ताव की उनकी मां रीना पासवान को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाए, इस पर भी बागी गुट तैयार नहीं हुआ. इसके बाद चिराग पासवान ने आज पत्ता खोला है, उन्होंने दिल्ली में पार्टी के लोगोंं की बैठक बुलाई है. अब देखना दिलचस्प होगा कि कल चिराग क्या फैसला लेते हैं और चुनाव आयोग का निर्णय क्या होता है?

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.