पटना. लोक जनशक्ति पार्टी में बगावत के साथ ही चिराग पासवान के राजनीतिक भविष्य पर बड़ा प्रश्न चिह्न खड़ा हो गया तो दूसरी ओर बिहार के बाकी सियासी दलों में भी एक बेचैनी देखी जा रही है. कल तक सीएम नीतीश को विभिन्न मुद्दों पर नसीहत दे रहे एनडीए के सहयोगी जीतन राम मांझी और मुकेश सहनी के सुर बदल गए हैं तो कांग्रेस में टूट की आशंका से पार्टी के नेता परेशान हैं. इन सबके बीच लोजपा की टूट और चिराग पासवान को लगे झटके पर राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की खामोशी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. न तो तेज प्रताप यादव ने कुछ कहा है और न ही राबड़ी देवी ने ही इस पर प्रतिक्रिया दी है. हालांकि लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने इस मसले पर अपनी प्रतिक्रिया में सीधे सीएम नीतीश को ही निशाने पर ले लिया है.
लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ट्वीट में लिखा, ‘बड़े भाई के एहसानों का सिला कुछ इस तरह दिया. अपनी ही पार्टी को तोड़कर कुशासन बाबू के षड्यंत्र में शामिल हुए. बड़े भाई ने उन्हें राजनीतिक मुकाम दिया. उस भाई की पार्टी को सत्ता लोभ में तोड़ने का कुचक्र रचा! स्वर्गीय रामविलास पासवान के आदर्शों को जिसने नीलाम कर दिया!’रोहिणी ने सीएम नीतीश के लिए कई आपत्तिजनक बातों का भी प्रयोग किया है. इसके साथ ही उन्होंने राजद को तोड़ने की चुनौती भी दी है. उन्होंने लिखा, बंगले में आग लगाकर. अहंकार से जिसने बोला है. लालटेन के लौ की ज्वाला में. पल भर में जल जाएगा तीर तेरा!


लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के ट्वीट का स्क्रीन शॉट
बता दें कि इससे पहले राजद ने आरोप लगाया है कि लोजपा में इस बड़े बिखराव की स्क्रिप्ट सीएम नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग ( मुख्यमंत्री आवास) से लिखी जा रही थी. उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार की जमीन तो विधानसभा चुनाव में खिसक चुकी है, अब अपना जमीर भी खो दिया है.
राजद नेता ने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान के निधन के छह महीने बाद ही ऐसा करना उनके समर्थकों को चिढ़ाना है. पासवान के समर्थक सब देख और समझ रहे हैं. राजद प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि 2010 में हमारी भी पार्टी तो तोड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन सफल नहीं हुए.




Leave a Reply