कहते हैं कि मेहनत किसी की जाया नहीं जाती। दिल से की हुई मेहनत का फल इंसान को एक न एक दिन जरूर मिलता है। फिर चाहे वह सब्जी बेचने वाला हो या फिर सड़क किनारे ठेले लगाने वाला। आज ऐसे ही व्यक्ति के बारे में बताने जा रहे हैं जिसने कभी अफसर बनने का सपना देखा और आज वह पूरा हो गया है। बीपीएससी 64वीं परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ तो पूरा परिवार खुशी से उछल पड़ा। परिणाम था बिहार के औरंगाबाद शहर के कर्मा रोड महावीर नगर मुहल्ला निवासी वीरेंद्र कुमार का। जिसने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की है। वीरेंद्र कुमार आपूर्ति पदाधिकारी बने हैं। वीरेंद्र को यह सफलता पहले ही प्रयास में मिली है। आर्थिक रूप से कमजोर वीरेंद्र ने औरंगाबाद में रहकर तैयारी की। उन्होंने सफलता हासिल कर अन्य छात्रों के लिए मिसाल पेश की है। बिहार का बड़ा अफसर बनने की खुशी वीरेन्द्र समेत पूरे परिवार में दिखी।
दिन में लगाते थे अंडे का ठेला और रात को करते थे पढ़ाई
वीरेंद्र ने बताया कि वह काफी गरीब परिवार से आते हैं और उनके बाहर रह कर तैयारी करने के लिए पैसे नहीं थे। उन्होंने बताया कि वह दिन में सड़क किनारे अंडे का ठेला लगाते थे। रात को वे औरंगाबाद में रह कर ही तैयारी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उनके गुरु राजीव कुमार का मार्गदर्शन मिलता था और उन्हीं के निर्देशन में उन्होंने तैयारी की।





Leave a Reply