Breaking News

मुजफ्फरपुर जंक्शन से लीची ढुलाई से अब तक रेलवे को 30 लाख से अधिक की आय

सोनपुर रेल मंडल के मुजफ्फरपुर जंक्शन को लीची ढुलाई से अबतक 30 लाख रुपये से अधिक की आय हुई है। इससे रेल अधिकारी उत्साहित हैं। वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक चंद्रशेखर प्रसाद ने बताया कि सोनपुर मंडल लीची ढुलाई कराकर किसानों को उचित मूल्य दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यहां से देश के विभिन्न राज्यों में लीची भेजी जा रही है। जंक्शन से तीन साल में पहली बार रिकॉर्ड लीची की लोडिंग की गई। 9 मई से अब तक लूज पार्सल वैन द्वारा कुल 39910 पैकेट (1297 क्विंटल) लीची लोकमान्य तिलक, वडोदरा, अमृतसर,दिल्ली, हावड़ा एवं कोलकाता समेत कई स्टेशनों को गई है। रेलवे को 6,25,928 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। 22 मई 2021 से अब तक डिमांड पार्सल वैन द्वारा लोकमान्य तिलक स्टेशन के लिए 29,950 पैकेट (4320 क्विंटल) लीची की लोडिंग की गई। रेलवे को 23,74,078 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। लीची लदान से अब तक 30 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है। सामान की ढुलाई में किसानों, बड़े व्यापारियों के साथ छोटे व्यापारियों के हितों का भी ध्यान रखा जा रहा है ताकि किसी को कोई परेशानी न हो। मंडल के अधिकारियों द्वारा व्यापारियों के साथ समय-समय पर बैठकें आयोजित करके समस्याओं के बारे में जानकारी ली जाती है और उनका त्वरित समाधान किया जाता है।  

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.