Breaking NewsSTATE

लंदन के मार्ट में धूम मचा रही मुजफ्फरपुर की शाही लीची, जिले के किसानों ने 10 टन लीची लंदन भेजी

अब अपने जिले की लीची लंदन के मार्ट में धूम मचा रही है। यहां की बेहतर किस्म की शाही लीची को वहां के लोगों ने काफी सराहा है। लीची भेजने वाले किसानों को जिला कृषि पदाधिकारी ने अपने कार्यालय में बुलाकर शॉल ओढ़ाकर व कृषि मंत्री का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया । जिला कृषि पदाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने उन किसानों से यह जानकारी ली कि यहां की लीची को लंदन तक पहुंचाने में कहां-कहां, किस स्तर पर परेशानी हुई। कृषि विभाग से उन्हें किस तरह का सहयोग चाहिए। किसान प्रिंस कुमार चतुरी पुनास, लालबाबू शर्मा चतुरी पुनास, कुंदन कुमार चैनपुर, छोटे लाल साह मुरौल कुढऩी ने बताया कि इस कार्य में एपीडा का काफी सहयोग रहा जिस कारण लीची लंदन भेजी जा सकी।

 उनलोगों ने कहा कि पटना से लीची भेजने में 24 घंटे का समय लग गया। यही सेवा अगर दरभंगा या मुजफ्फरपुर से मिले तो लीची को बगैर ट्रीटमेंट किए 12 घंटे में भेजा जा सकेगा। इस बार 10 टन की यह खेप ट्रायल के रूप में भेजी गई। अगली बार से बड़े पैमाने लीची वहां भेजी जाएगी। सहायक निदेशक उद्यान उपेंद्र कुमार ने बताया कि किसान समूह बनाकर सरकारी योजना का लाभ ले सकते हैं। वैसे दरभंगा से कार्गो सेवा के लिए सरकार को लिखा जाएगा। प्रयास होगा कि मुजफ्फरपुर की लीची का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापार हो सके, ताकि किसानों की आय बढ़ सके।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.