बिहार लोक सेवा आयोग ()BPSC) की 64वीं संयुक्त परीक्षा का रिजल्ट रविवार को ही आया है। इसमें एक ऐसे शख्स ने सफलता हासिल की है, जिनकी चर्चा अब बहुत तेजी से हो रही है। ये हैं पटना के बाढ़ के मरांची के रहने वाले अमन कुमार। अमन को BPSC में 161 रैंक मिला है। वैसे उनकी चर्चा दूसरी वजह से हो रही है। यह वजह है आज से 25 पहले बचपन में एक सभा में उनके द्वारा दिया गया भाषण। तब उनके साथ ही मंच पर मौजूद थे तब के सांसद और आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार।
अमन की तस्वीर चर्चा में
अमन की यह तस्वीर बहुत चर्चा में है। यह साल 1996 की है। तब नीतीश कुमार बाढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद हुआ करते थे। नीतीश कुमार की एक सभा मरांची में थी। उस समय नीतीश, लालू प्रसाद से अलग होकर चुनाव लड़े थे और जीत कर समता पार्टी के सांसद बने थे।
मरांची के लोगों ने तब नीतीश कुमार का अभिनंदन समारोह आयोजित किया था। छोटे से मंच पर सारे अतिथि दरी पर बैठे थे। नीतीश कुमार भी उसी दरी-जाजिम पर बैठे थे। अभिनंदन समारोह के उस कार्यक्रम में मंच पर एक छोटा बच्चा अमन भी था। तब अमन दूसरी कक्षा का छात्र था। उसने भी उस कार्यक्रम में नीतीश की मौजूदगी में भाषण दिया था। उस छोटे से बच्चे के भाषण से नीतीश कुमार काफी प्रभावित हुए थे। बच्चे के आत्मविश्वास को देख नीतीश अचंभित हो गए थे।
अब जानकारी मिली तो नीतीश ने दी बधाई
इस तस्वीर और अमन की सफलता की जानकारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी मिली है। उन्होंने मरांची में अमन के पिता संजय कुमार से बात की है और उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी है। बताया गया है कि अमन अभी दिल्ली में हैं। वे दो-तीन दिनों में पटना आएंगे। इसके बाद वे CM से भी मिलेंगे।




Leave a Reply