BIHARBreaking NewsSTATE

मांझी बोले- हम थॉयरायड, डायबिटीज के पेशेंट हैं, फिर भी कोरोना वैक्सीन ली, आप भी लें !

पटना. बिहार के कई इलाकों में कोरोना के लिए दी जा रही वैक्सीन का विरोध किया जा रहा है. विशेषकर गरीब और अशिक्षित तबके में ऐसे मामला अधिक देखे जा रहे हैं. सोमवार को बक्सर में इसी विरोध के कारण स्वास्थ्यकर्मियों के साथ बदसलूकी की गई थी. इसी तरह नालंदा के सिलाव प्रखंड के मुस्लिमों के एक गांव सेवैत में टीकाकरण का विरोध किया गया तो यहां के इमाम को आगे आना पड़ा और उन्होंने लोगों का भ्रम दूर किया. इसी क्रम में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी मुसहर समाज में फैले टीके को लेकर अज्ञानता को दूर करने आगे आए हैं.  इसको लेकर मांझी ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा है कि मुझे कई तरह की बीमारियां हैं लेकिन फिर भी मैंने वैक्सीन की दोनों डोज ली हैं.

बता दें कि मांझी भी मुसहर जाति से आते हैं और समाज में जागरूकता फैलाना चाहते हैं. इसको लेकर मांझी ने अपने वीडियो संदेश में आगे कहा,  ‘गरीब तबके के लोगों में कुछ भ्रम फैला दिया गया है कि कोरोना वैक्सीन लेने से बुखार आ जाता है या और अनेक तरह की बातें लोग बता रहे हैं, ये सब भ्रम की बात है. आप जानते होंगे कि हमने वैक्सीन के दो डोज लगवा लिए हैं.मांझी ने आगे कहा कि ‘हम कोरोना से आक्रांत रहे हैं और 77 साल की उम्र है. हम थॉयरायड, डायबिटीज के पेशेंट हैं,  इसके बावजूद मैंने टीका लिया और मुझे कुछ नहीं हुआ. तो सोचा जा सकता है कि और लोगों को भी कुछ नहीं होगा.’ हालांकि उन्होंने मुसहर समाज में टीके को लेकर फैले भ्रम को अमीरों की चाल करार दिया है.

मांझी ने आगे कहा, ‘ये भ्रम वही लोग डालते हैं जो चाहते हैं गरीबों की जान चली जाए और अमीर लोगों का राज रह जाए.  इसलिए जानबूझकर भ्रम फैलाया जा रहा है. इसलिए हम गरीब भाइयों से अपील करना चाहते हैं कि भ्रम में न रहें और अपने गांव में जब सैनेटाइजेशन के लिए यानि दवा छिड़काव के लिए लोग आएं तो सैनेटाइजेशन करवाएं. सहर्ष वैक्सीन लें और दूसरों को दिलवाएं.’

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.