BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

मुजफ्फरपुर में 18+ को दो दिन नहीं लगेगी वैक्सीन

जिले में 18 प्लस वाले लोगों के लिए टीके की कमी हो गई है। इस कारण टीकाकरण केंद्रों पर शनिवार व रविवार को 18 से 44 उम्र के लोगों को टीका नहीं लगेगा। बताया जा रहा है कि 30 मई के बाद ही 18 से 44 वर्ष वालाें के लिए वैक्सीन उपलब्ध हो पाएगी। इस उम्र वर्ग के लिए कोवैक्सीन स्टेट का 380 डोज एवं कोविशील्ड स्टेट का 570 डोज ही उपलब्ध है।

वहीं, 45 से अधिक उम्र वाले के लिए कोवैक्सीन सेंट्रल का 3750 डोज और कोविशील्ड का 19800 डोज उपलब्ध है। सिविल सर्जन डॉ. एसके चौधरी ने कहा कि 45 प्लस वाले के लिए वैक्सीन उपलब्ध है। लेकिन 18 प्लस वाले लोगों के लिए वैक्सीन की कमी है ,वह जल्द ही वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगी। वैक्सीन उपलब्ध होने के बाद लोगों को निरंतर टीका लगाया जाएगा।

वैक्सीनेशन एक्सप्रेस का नहीं मिल रहा सकारात्मक परिणाम
इधर, जिले के सभी प्रखंडो में 45 से अधिक उम्र वाले लोगों को टीका लगाने के लिए 25 वैक्सीनेशन एक्सप्रेस वाहन को तामझाम के साथ रवाना किया गया। लेकिन इसका सकारात्मक परिणाम नहीं मिल रहा है। गांवों में टीका के प्रति लोगों में जागरूकता की कमी के कारण लोग टीका नहीं लगा रहे हैं। इसका डाटा जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ अजय कुमार पांडे व डीपीएम और डीपीआरओ के पास उपलब्ध नहीं है। सभी एक दूसरे के पास डाटा होने की बात कह कर टाल मटोल कर रहे हैं।

जिले के 78 में से महज 9 केंद्रों पर हुआ टीकाकरण, 319 लोगों ने ली वैक्सीन

शुक्रवार को भारी बारिश के बीच जिले में 78 केंद्रों में से महज 9 केंद्रों पर 319 लोगों काे काेराेना का टीका दिया गया। जबकि, 7920 लोगों काे टीका लगाने का लक्ष्य था। जिसमें औराई में 40, कांटी में 10, कटरा में 27, मड़वन में 30, मीनापुर में 10, सकरा में 10, एलपीजी इंडिया में 120 व एसकेएमसीएच में 46 लोगों को कोरोना टीका दिया गया।

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अजय कुमार पांडे ने बताया कि भारी बारिश के कारण लोग टीकाकरण केंद्रों पर नहीं पहुंचे। एसएसबी झपहां के 6 जवान सदर अस्पताल में टीका लेने आए थे। लेकिन 10 से कम संख्या होने के कारण सदर अस्पताल में टीके की वाइल नहीं खोली गई।

सैंपल लेने का कार्य भी प्रभावित : बारिश के कारण शुक्रवार को बहुत कम संख्या में लोग कोरोना जांच कराने पहुंचे। सदर अस्पताल में 19 लोगों ने सैंपल दिया, इसमें एक पॉजिटिव मिला। स्टेशन पर 76 में दो पॉजिटिव, सिकंदरपुर स्टेडियम स्थित केंद्र पर एक भी व्यक्ति नहीं पहुंचा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.