BIHARBreaking NewsMOTIHARISTATE

मोतिहारी : असहाय व गरीबों के लिए मददगार साबित हो रहा है सामुदायिक किचन

  • बेघर और जरूरतमंदों को मिल रहा है मुफ्त भोजन
  • जिलाधिकारी के निर्देश पर 30 जगह हो रहा है किचन संचालित

मोतिहारी, 28 मई।

जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक के निर्देश पर जिले में सामुदायिक रसोई मोतिहारी शहर सहित कुल 30 स्थानों यथा नगर निगम मोतिहारी ,नगर परिषद रक्सौल, नगर पंचायत सुगौली,अरेराज ,केसरिया ,चकिया ,
पकड़ीदयाल एवं ढाका में संचालित हो रहा है । जिसके लिए अंचलाधिकारी तुरकौलिया, बंजरिया, पिपराकोठी, कोटवा, चिरैया, घोड़ासहन, बनकटवा, मधुबन, पताही, फेनहारा, तेतरिया, कल्याणपुर, संग्रामपुर, हरसिद्धि, पहाड़पुर रामगढ़वा, आदापुर एवं छौड़ादानों को प्रखंड मुख्यालय में सामुदायिक रसोई का संचालन करने का आदेश दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा सरकार के निर्देश पर ” पूर्ण बंद ” के दरम्यान बेघर , लाचार समेत अन्य जरूरतमंदों को मुफ्त में दो समय (दिन और रात) का भोजन मुहैया कराए जाने के लिए सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गई है। इसमें सदर अस्पताल में भर्ती मरीज के परिजन भी भोजन कर सकते हैं। उन्होंने स्वादिष्ट भोजन परोसे जाने की जानकारी देते हुए कहा कि सम्बंधित जन निर्धारित स्थान पर पहुंच कर बेझिझक इसका लाभ लें। जिलाधिकारी ने बताया सामुदायिक रसोई में भोजन , साफ – सफाई की पूरी व्यवस्था है । वहीँ सम्बंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश देते हुए उन्होंने भोजन कर रहे लोगों से पूछताछ की और खाना के सम्बंध में जरूरी जानकारी ली। उन्होंने इसी कड़ी में लाभुकों से भोजन की गुणवत्ता एवं स्वाद की जानकारी ली और व्यवस्था पर संतोष प्रकट किया। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए कटिबद्ध है। सामुदायिक रसोई में प्रतिदिन एवं रात के भोजन की व्यवस्था की जा रही है। इसके संचालन में बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, हैंडवॉश, सैनिटाइजर आदि की पर्याप्त व्यवस्था के साथ-साथ शारीरिक दूरी एवं अन्य कोविड-19 सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जा रहा है। संचालित सामूहिक रसोई पर निबंधन पंजी एवं निरीक्षण पंजी संधारित रहेगा। निबंधन पंजी में खाने वाले सभी व्यक्तियों के नाम, तिथि एवं समय अंकित किया जाएगा। निरीक्षण पंजी में रसोई के जांच हेतु गए पदाधिकारी अपना मंतव्य अंकित करेंगे। सभी सामुदायिक रसोई केंद्रों पर एक प्रभारी पदाधिकारी नामित करते हुए प्रतिनियुक्ति की जाएगी। संचालित सामुदायिक रसोई स्थल पर सुरक्षा के समुचित प्रबंध हेतु पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के द्वारा की जायेगी। सभी अनुमंडल पदाधिकारी, पूर्वी चंपारण अपने क्षेत्रांतर्गत संचालित सामुदायिक रसोई का पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण करेंगे।
प्रखंड के वरीय पदाधिकारी को सामुदायिक रसोई का निरीक्षण कर संलग्न प्रपत्र में प्रतिवेदन जिला आपदा प्रबंधन शाखा को उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया है।
कोरोना महामारी एवम लॉकडाउन के कारण गरीब, निर्धन, निःसहाय एवं निःशक्त व्यक्तियों के लिए सरकार के निर्देश के आलोक मे ज़िला प्रशासन द्वारा संचालित सामुदायिक किचन बड़ा सहारा साबित हो रहा है।
वर्तमान में जिला के सभी 27 प्रखण्डों सहित मोतिहारी शहर के 3 स्थलों को मिलाकर कुल 30 स्थानों पर सामुदायिक किचन संचालित है। जहाँ निर्धन, नि:सहाय परिवार के वैसे व्यक्ति जिनका लॉकडाउन या किसी अन्य कारणों से रोजगार छीन गया है उन परिवारों के सदस्यों को दिन एवं रात गुणवत्तापूर्ण भोजन मुहैया कराया जा रहा है। 4 मई से आज तक जिले के सभी समुदायिक रसोई में 42245 लोगों को दिन में तथा 34675 लोगों को रात में भोजन उपलब्ध कराया गया है। इस प्रकार कुल 76920 लोगों को अभी तक भोजन उपलब्ध कराया गया है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.