BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में तूफान YAAS का असर : भारी बारिश के बीच पावरकट, सड़क से लेकर घर तक जलजमाव

पटना. चक्रवाती तूफान YAAS का असर पूरे बिहार (Bihar) में दिख रहा है. हालांकि बिहार और झारखंड तक पहुंचते-पहुंचते यास का खतरनाक रूप कमजोर पड़ चुका है. बावजूद इसने बिहार के मौसम को बुरी तरह प्रभावित किया है. बिहार की राजधानी पटना (Patna) में पिछले करीब 20 घंटे से लगातार बारिश हो रही है. राजधानी के लालजी टोला और उसके आसपास भारी जलजमाव है. गलियों और मुहल्लों में घुटनों तक पानी भर चुका है. पटना के राजबंशी नगर के कई इलाकों में जल जमा हो गया है, लोगों को घरों से निकलने में काफी परेशानी हो रही है. वहीं कई निचले इलाकों में घरों में भी पानी चला गया है. बेतरह हुई बारिश की वजह से सरकार की सारी तैयारियां नाकाफी पड़ गई हैं.

पटना के इन इलाकों में भी परेशानीपटना के पत्रकार नगर, हनुमान नगर सहित आसपास के कई मोहल्लों में जलजमाव हो गया है. यास के कारण राजधानी सहित राज्य भर में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. यास का असर हवाई, रेल और सड़क मार्ग पर भी हुआ है. राजधानी में कई जगह तेज हवा से पेड़ों के टूटकर गिरने से भी यातायात बाधित हुआ है.

कटिहार समेत कई शहरों का बुरा हाल

बिहार के कटिहार का भी बुरा हाल है. भारी बारिश से यहां के कई इलाके जलमग्न हैं. बरसात का पानी लोगों के घरों में घुस चुका है. यही हाल खगड़िया, सिवान, मुंगेर, गया, भोजपुर, बगहा, पूर्णिया, मुंगेर, छपरा, वैशाली और नरकटियागंज का हो गया है. लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में बिजली गुल है. खेतों में पानी भरे हैं. सबसे ज्यादा नुकसान प्याज की फसल को हुआ है. तेज बारिश की वजह से मक्का की फसलें भी तबाह हुई हैं. बारिश का सबसे ज्‍यादा असर ब‍िजली पर पड़ा है, कहीं पर ट्रांसफॉमर में फॉल्‍ट आ गया है तो कहीं पर तेज हवाओं के चलते बिजली की तार टूट गए हैं. मौसम खराब होने के चलते ब‍िजली व‍िभाग काम नहीं कर पा रहा है इसके चलते कई इलाकों में प‍िछले 12 से लेकर 24 घंटे से पावरकट है.

कई जिलों में वज्रपात की चेतावनी

इस बीच मौसम विभाग के साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग ने बिहार के कुछ जिलों में वज्रपात की चेतावनी जारी की है. खासतौर पर दक्षिण और पूर्वी बिहार के कुछ जिलों में अगले 24 से 48 घंटों में ठनका गिर सकता है. वहीं, मध्य बिहार में भी कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है. आपदा प्रबंधन विभाग ने इसको लेकर अलर्ट भी जारी किया है. फिलहाल कटिहार के बारसोई, कदवा, हसनगंज, कोढ़ा, बरारी, सदर, दण्डखोरा, आजमनगर, मनसाही, मनिहारी, अमदाबाद में अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, भागलपुर के पीरपैंती में भी ठनका गिरने की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान लोगों से घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई है.

शनिवार को भी रह सकता है ऐसा ही मौसम

बिहार मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक विवेक सिन्हा के अनुसार, राज्य भर में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश अगले दो दिनों तक होने की वजह से कुछ जगहों पर जलजमाव या बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है. चूंकि चक्रवाती सिस्टम अब कम दबाव के क्षेत्र के रूप में बदल गया है, इस वजह से मौसम की तीव्रता भी कम हो गई है. यानी पहले किए गए पूर्वानुमान से भी कम बारिश और हवा की गति सूबे में दिखेगी. बिहार में मौसम का हाल शनिवार को भी ऐसा ही रहने का अनुमान है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.