मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति व प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो. वाईसी सिम्हाद्री के निधन पर गहरी शोर संवेदना व्यक्त की है. अपने शोक संदेश में कहा कि प्रो. सिम्हाद्री शिक्षाविद् थे. वे पटना विश्वविद्यालय के दो बार कुलपति रहे. साथ ही उन्होंने देश के कई प्रसिद्ध विश्वविद्यालयों में कुलपति के तौर पर अपनी सेवायें दी थी. प्रो. वाईसी सिम्हाद्री अपने कुशल प्रशासनिक नेतृत्व के लिए जाने जाते थे. उनके निधन से शैक्षणिक जगत में अपूरणीय क्ष’ति हुई है.
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थाना की है.
बता दें कि पटना विश्वविद्यालय को फिर से पुराना गौरव लौटाने को लेकर सिम्हाद्री अपने कार्यकाल में कई काम किए. पटना विश्वविद्यालय के 98वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि विवि में मेडिकल, इंजीनियरिंग और एग्रीकल्चर कॉलेज जरूरी हैं. पहले यहां मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज थे भी, लेकिन अब नहीं हैं.
डॉ. सिम्हाद्री ने तत्कालीन मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और समारोह में पूर्व सीएम के तौर पर मौजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पटना विवि में इन कॉलेजों को जोड़ने की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि पटना विवि देश का सातवां सबसे पुराना विश्वविद्यालय है. इसके पास केंद्रीय विवि बनने की पूरी क्षमता है. इसलिए राज्य सरकार को एनओसी दे कर इसको केंद्रीय विवि बनने में मदद करनी चाहिए.





Leave a Reply