BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

बोले मुजफ्फरपुर डीएम, सामुदायिक सहयोग से कोरोना वैश्विक महामारी पर पाया जा सकता नियंत्रण

सामुदायिक सहयोग से कोरोना जैसे वैश्विक महामारी को नियंत्रित किया जा सकता है। ऐसे में सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग अपेक्षित है, ताकि गांवों में संक्रमण के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। उक्त बातें डीएम प्रणव कुमार ने शुक्रवार को जिले की विभिन्न पंचायतों के मुखियों के साथ वीसी के जरिए बैठक में कही। विशेष रूप से गांव स्तर पर कोविड-19 संक्रमण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद डीएम ने जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से संक्रमण रोकने के बावत की जा रही गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में उपस्थित मुखियों ने कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए, जिसपर अनिवार्य रूप से अमल करने की बात कहीं गई। 

डीएम ने कहा कि टीम भेजकर गांव में जांच भी कराई जा रही है। चिन्हित स्थलों पर आइसोलेशन केंद्र बनाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पॉजिटिव मरीजों को चिन्हित करते हुए कार्रवाई करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम भी उठाए जा रहे हैं। बैठक में डीएम ने सभी मुखियों से अनुरोध करते हुए कहा कि इसके प्रकोप को समाप्त करने में आप सबों की महत्वपूर्ण भूमिका अपेक्षित है। कहा कि स्थानीय संसाधनों को चिन्हित करते हुए उसे क्रियाशील बनाया जाए। प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कोरोना पर नियंत्रण को लेकर साझा प्रयास किया जाए। कहा कि सभी मुखिया अपने स्तर से प्रत्येक वार्ड में एक व्यक्ति को प्रतिनियुक्त करें। जिसके माध्यम से पॉजिटिव मरीजों की तत्काल सूचना उपलब्ध कराई जा सके, ताकि उन्हें समुचित चिकित्सा प्रदान हो सके। ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण को रोकने हेतु सरकार द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। डीएम ने अधिक से अधिक लोगों को टीकाकरण लगाने के लिए जागरूक करने की आवश्यकता बताई। वैसी पंचायतों में जहां 45 वर्ष से ऊपर के व्यक्ति टीकाकरण से वंचित हैं। उन क्षेत्रों को चिन्हित करते हुए इसकी सूचना उपलब्ध कराई जाए, ताकि वहां टीकाकरण का कार्य कराया जा सके

सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों को टीकाकरण की साइट की सूचना पूर्व में ही जनप्रतिनिधि को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में एईएस व चमकी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर डीएम ने कहा कि पूर्व की भांति इस बार भी आप सभी का सहयोग मिलता रहे। कहा कि बीमार बच्चों की सूचना दे देने मात्र से उनकी जान बचाई जा सकती है। इससे संबंधित जागरूकता का कार्य मुखिया गण अपने स्तर से करें। बैठक में मुशहरी, बोचहां, गायघाट, मुरौल, मोतीपुर, साहेबगंज, कांटी व मड़वन प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के मुखिया वीसी से जुड़े थे। शेष प्रखंडों की पंचायतों के मुखिया से शनिवार को डीएम वीसी से बैठक करेंगे। बैठक में डीडीसी, सहायक समाहर्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.