बिहार के समस्तीपुर जिले के बिथान थाना क्षेत्र के सोहमा गांव में एक प्रेमी जोड़े के साथ कुछ लोगों की तालीबानी सजा का वीडियो सोशल मीडिया में दिनभर वायरल रहा। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान इसकी सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। वायरल वीडियो में एक महिला को पकड़कर रखने और एक युवक के बाल काटते हुए दिखाई दे रहा है। इस वीडियो में कुछ महिलाएं और पुरुष तमाशबीन के रूप में भी नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों की चर्चा के मुताबिक, गांव की एक शादीशुदा महिला अपने प्रेमी के साथ भाग रही थी। जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह विवाहिता अपने प्रेमी के साथ बाइक पर बैठकर घर से भाग निकली। इसकी भनक लगने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। उसी क्रम में गांव के बाहर ही एक पेट्रोल पंप के पास दोनों को पकड़ लिया गया। उसके बाद दोनों को गांव लाकर एक पेड़ में बांध दिया गया।
गांववालों ने लड़के के बाल काट कर चूना लगाया। इस घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना के संबंध में पूछे जाने पर बिथान थाने की पुलिस ने अपनी अनभिज्ञता जाहिर की। पुलिस ने कहा कि अगर पीड़ित युवक ने लिखित शिकायत की तो मामले की जांच की जाएगी और दोषी लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।


Input : Live cities



Leave a Reply