Breaking NewsNationalSTATE

चक्रवाती तूफान का असर, इन राज्यों में 2 दिन भारी बारिश की चेतावनी; जानें- आपके क्षेत्र में कैसा रहेगा मौसम

चक्रवाती तूफान टाक्टे का असर उत्तर भारत के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा के अधिकतर इलाकों में बारिश का अनुमान है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण भी अगले दो-तीन दिनों में उत्तर भारत की मौसमी गतिविधियों में बदलाव होने की उम्मीद है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और हरियाणा में बादलों की आवाजाही के बीच बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है।

राजस्थान में भारी बारिश की आशंका

तूफान टाक्टे गुजरात से निकलकर राजस्थान की तरफ बढ़ रहा है। अब इसकी गति धीमी पड़ने लगी है। यह मंगलवार देर रात तक राजस्थान पहुंचेगा। तूफान के कमजोर पड़ने से अब 40-50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से ही हवा चलेगी। पहले अनुमान था कि हवा की गति 60 किमी तक रह सकती है। मौसम विभाग ने इस सिस्टम के कारण उदयपुर और जोधपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि सिस्टम के प्रभाव के कारण मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह के बीच बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद, सिरोही, उदयपुर, जालौर और पाली में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा जयपुर, अजमेर, कोटा और भरतपुर संभाग के भी कई जिलों में बुधवार दोपहर और देर शाम तेज बारिश का अनुमान है।

दिल्ली में दो दिन बारिश की संभावना

दिल्ली में भी बदलेगा मौसम राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज को बादलों की आवाजाही के बीच बूंदाबांदी एंव हल्की बारिश होने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 19-20 मई को दिल्‍ली में प्री-मॉनसून बारिश होने की उम्मीद है। दिल्‍ली में आज न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्‍ली में प्री-मॉनसून बारिश होने का अनुमान है।

इन राज्यों में बारिश का पूर्वानुमान

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के अनुसार गुजरात और उत्तरी महाराष्ट्र तट के कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। जबकि केरल, कोंकण और गोवा, मध्य प्रदेश के दक्षिण राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत, लक्षद्वीप, आंतरिक तमिलनाडु और आंतरिक कर्नाटक में कुछ तेज बारिश के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। जबकि पश्चिमी हिमालय, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.