BIHARBreaking News

10 दिन में खत्म हो गये बिहार में वैक्सीन के डोज, 18 से 44 उम्र वालों को आज नहीं लगेगा टीका

PATNA : बिहार में 18 से 44 साल की उम्र वालों के लिए शुरू हुआ टीकाकरण अभियान 10 दिन में ही थम गया है. बुधवार को राजधानी पटना समेत बिहार के अधिकांश जिलों में इस उम्र वर्ग के लोगों को टीका नहीं लगेगा. हालांकि केंद्र सरकार की ओऱ से 45 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को टीका देने का काम जारी रहेगा. पटना में जिला प्रशासन ने 18 से 44 की उम्र वालों को वैक्सीन देने के लिए बनाये गये 10 केंद्रो को बुधवार को बंद रखने का आदेश जारी कर दिया गया है. सरकार कह रही है कि टीके की अगली खेप आने के बाद 18 से 44 उम्र वालों के वैक्सीनेशन का काम फिर से शुरू किया जायेगा. 








21 मई के बाद 18 से 44 उम्र वालों को लगेगा टीका

बिहार में 18 से 44 की उम्र वाले लोगों को टीका देने का काम 21 मई या उसके बाद शुरू किया जा सकता है. राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि बिहार को 20 से 24 मई के बीच टीके के 6 लाख 89 हजार डोज मिलेंगे. सीरम इंस्टीच्यूट से लेकर भारत बायोटेक की ओर से ये जानकारी दी गयी है. टीके का डोज पहुंचते ही फिर से टीकाकरण का काम शुरू कर दिया जायेगा. लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है.

बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बिहार में अब तक 18 से 44 की उम्र वाले 8 लाख 69 हजार 932 लोगों को वैक्सीन दिया जा चुका है. मंगलवार को भी इस आयु वर्ग के 37 हजार 368 लोगो को वैक्सीन दिया गया. 

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि 45 साल से ज्यादा उम्र वाले लोगों को वैक्सीनेशन का काम जारी रहेगा. उनके लिए केंद्र सरकार वैक्सीन का इंतजाम करा रही है. सरकार के पास वैक्सीन का स्टॉक है जिससे उनका टीकाकरण नहीं रूकेगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.