मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से HIT COVID APP को लांच किया. इसका पूरा नाम होम आइसोलेशन ट्रैकिंग कोविड ऐप है. इस मोबाइल ऐप को स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में कोरोना महामारी से बचाव के लिए बेल्ट्रॉन ने तैयार किया है. मिल रही जानकारी के अनुसार, इस ऐप के माध्यम से घर पर आइसोलेट मरीजों की मॉनिटरिंग की जाएगा.
बताया जाता है कि पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इसका इस्तेमाल सुपौल, गोपालगंज, औरंगाबाद, नालंदा तथा भागलपुर में सफल रहा. सूचना एवं प्रावैधिकी विभाग के सचिव संतोष कुमार मल्ल ने HIT COVID APP कोविड ऐप के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से घर पर आइसोलेशन में रह रहे मरीजों का अनुश्रवण किया जाएगा. स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के द्वारा अनुश्रवण के पश्चात इन आंकड़ों की प्रविष्टि इस ऐप में की जाएगी, जिसका अनुश्रवण जिला स्तर पर भी किया जाएगा. इसका पायलट प्रोजेक्ट पांच जिलों में सफल रहा.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि खुशी की बात है कि आज होम आइसोलेशन ट्रैकिंग कोविड ऐप लांच किया गया है. कोरोना से संक्रमित बड़ी संख्या में मरीज घर पर आइसोलेशन में रह रहे हैं. इन मरीजों के आक्सीजन स्तर की निरंतर अनुश्रवण की आवश्यकता है, क्योंकि इस बार के संक्रमण में मरीजों के आक्सीजन स्तर गिरने के कई मामले सामने आ रहे हैं, जिससे उनकी स्थिति ज्यादा गंभीर हो जा रही है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के द्वारा मरीजों के घर पर जाकर प्रतिदिन उनके शरीर का तापमान और आक्सीजन स्तर जांच की जाएगी, जिसके आधार पर उनका उचित इलाज समय पर हो सकेगा. चिकित्सकीय पर्यवेक्षण के दौरान जिनका आक्सीजन स्तर 94 से कम पाया जाएगा, उन्हें आवश्यकता पड़ने पर डेडिकेटेड हेल्थ सेंटर में ससमय भर्ती कराकर उनका इलाज कराया जाएगा.
उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाके में स्वास्थ्य परामर्शियों को प्रशिक्षित किया गया है, उनकी भी इस काम में सेवा लें. होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों की निरंतर देखभाल होने से उन्हें किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं होगी और उसका अच्छा परिणाम आएगा. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार उपस्थित थे, जबकि वीडियो कन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय सहित संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्रीगण, मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत व अन्य संबंधित अधिकारी जुड़े हुए थे.





Leave a Reply