श्रीगंगानगर. भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे पश्चिमी राजस्थान में स्थित श्रीगंगानगर जिले (Sriganganagar District) में आज बड़ा हादसा हो गया. यहां एक मालगाड़ी बेपटरी (Goods train derailed) हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे में हड़कंप मच गया. गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई. रेलवे प्रशासन मौके पर पहुंच गया है और गाड़ी को वापस पटरी पर लाने के लिये रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है.
जानकारी के अनुसार मालगाड़ी बेपटरी होने की घटना जिले के अनूपगढ़ में चूना फाटक के पास हुई. घटना दोपहर करीब 1 बजे हुई. वहां जिप्सम लेने आई मालगाड़ी के तीन पहिए अचानक पटरी से नीचे उतर गए. पहियों के पटरी से नीचे उतरने के बाद मालगाड़ी पूरी तरह से डिरेल हो गई. इसकी सूचना मिलते ही मालगाड़ी स्टाफ हड़बड़ा गया. उसने तत्काल रेलवे प्रबंधन को इसकी जानकारी दी. घटना की जानकारी मिलने पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया.
साइड स्लीपर जमीन में धंसने से हुआ बताया जा है हादसा
मौके पर मौजूद लोगों की मानें तो प्रथम दृष्टया मालगाड़ी के कंपन की वजह से पटरियों के साइड स्लीपर जमीन में धंसने से उसके तीन पहिए डीरेल हो गये. रेलवे के उच्चाधिकारी भी मालगाड़ी के डीरेल होने के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं. अभी तक मालगाड़ी के डीरेल होने के कारणों का पूरी तरह से पता नहीं चल पाया है. रेलवे प्रशासन अब डिरेल हुई मालगाड़ी को पटरी पर चढ़ाने की कवायद में जुटा है.
अनूपगढ़ में जिप्सम की माइंस हैं
उल्लेखनीय है कि अनूपगढ़ में जिप्सम की माइंस हैं. यहां से जिप्सम का सीधा लदान मालगाड़ी में होता है. उसके बाद यहां मालगाड़ी देश के अन्य हिस्सों में जिप्सम लेकर जाती है.





Comment here