कोरोना के लक्षण दिखे तो डॉक्टरी परामर्श व मुफ्त दवाइयों के लिए सोनबरसा प्रखंड की सिंहमुखिया पंचायत की महिला मुखिया रितु जायसवाल से संपर्क किया जा सकता है। कोरोना महामारी से जूझते हुए जिंदगी की जंग जीतने के बाद रितू जायसवाल ने जरूरतमंदों की मदद के लिए अपने गांव में ही कोविड केयर सेंटर खोल दिया है। रितु जायसवाल का कहना है कि ऐसी महामारी, आपदा एवं संकट हमने पहली बार देखा है। बहुत बड़ी चुनौती हमारे सामने आई है। पिछले साल के कोरोना वायरस की तुलना में इस वर्ष कोरोना वायरस का प्रभाव बहुत ज्यादा है। इससे निपटने के लिए सरकार अपने स्तर पर तो प्रयास कर रही है, लेकिन समाज के सभी वर्गों की एकजुटता इस लड़ाई से जीतने के लिए जरूरी है। सभी अपने-अपने गांव एवं परिवार को सुरक्षित रखें। गांवों को कोरोना मुक्त रखने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास होना चाहिए इसी मकसद से कोविड केयर सेंटर खोला गया है। मरीजों के संक्रमित होने के साथ ही प्रारंभिक स्तर पर उपचार शुरू हो यही हमारा प्रयास रहे। उन्होंने कहा कि एकजुटता एवं संकल्प के साथ इस आपदा का सामना करें। समस्या है तो समाधान भी है। हम आप सबके प्रयासों से इस कोरोना की जंग से जरूर जीतेंगे।


कोरोना से डरिए नहीं लड़िए, हौसला रखिए
तीन दिनों से हमने कोविड केयर सेंटर की शुरुआत की है। पूरे दिन लोगों की सेवा में खुद मुस्तैद रहती हूं। यह सेंटर हमारी पंचायत सिंहवाहिनी एवं हमारे विधानसभा क्षेत्र परिहार और आस पास के लोगों के लिए खोला गया है। मगर, सीतामढ़ी जिले में दूसरे किसी इलाके से भी जरूरतमंद आएंगे तो उनको भी जरूर मदद दी जाएगी। कोविड से संक्रमित मरीजों के लिए लक्षण के आधार पर बेहतरीन डॉक्टर्स की टीम के द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से परामर्श लेकर सभी जरूरी दवाईयां बिल्कुल निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। सेंटर हमारे गांव नरकटिया स्थित हमारे घर से ही चल रहा है। रविवार को कुल 15 मरीजों को उचित सलाह के बाद दवाईयां दी गईं। तमाम लोगों से अनुरोध है लक्षण दिखने पर एकदम बेचैन या परेशान न हों। हम हैं आपके लिए यह टैगलाइन इसीलिए दिया गया है ”क्योंकि हम सब एक परिवार हैं”। दवाइयां बाजार में न मिले या खरीदने में सक्षम न हों या सरकारी तंत्र मदद नहीं कर पा रही है या ऑक्सीजन लेवल नीचे आता है तो फिर भी एकदम चिंता न करें, आप हमें सूचना दें, हम हैं आपके लिए। समाज के कई जागरूक व सक्षम लोग मदद के लिए खड़े हैं। दुःख की घड़ी है, मिल कर लड़ना है और जीतना है। किसी भी तरह की इंक्वाॅयरी के लिए 8709627094 पर संपर्क कर सकते हैं। फोन न उठने की स्थिति में इस नंबर पर मैसेज भेजा जा सकता है।





Leave a Reply