BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार से अच्छी खबर: तीन दिनों से लगातार घट रहे कोरोना के केस, देश में सबसे कम पहुंचा संक्रमण दर

पटना. कोरोना वायरस के संक्रमण से जहां पूरा विश्व त्राहिमाम कर रहा है वहीं, बिहार से राहत देने वाली दो बड़ी खबर सामने आई है. पहला तो यह कि यहां कोरोना वायरस के नए मामलों में लगातार तीसरे दिन कमी देखी गई है. दूसरा यह कि पूरे देश में संक्रमण दर में बिहार सबसे निचले स्थान पर है. राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा शनिवार को जारी आंकड़े के अनुसार सूबे में 7, 336 कोरोना के नए मरीज मिले. यानी पिछले तीन दिनों से बिहार में मरीजों की संख्या 10 हजार से कम सामने आ रही है.

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े के अनुसार शनिवार को पटना में नए केसों की संख्या 1, 202 थी. वहीं 5 जिलों में 300 से ज्यादा कोरोना के मरीज मिले. किसी भी जिले में 500 या 400 से अधिक मरीज नहीं मिले. समस्तीपुर में 392, भागलपुर में 361, मधुबनी में 360, वैशाली में 353, बेगूसराय में 334 और कैमूर में मात्र 9 एक्टिव केस पाए गए. राज्य में एक दिन में कुल 14 हजार 340 मरीज हुए स्वस्थ भी हुए.

इस बीच बिहार के लिए दूसरी राहत वाली खबर यह है कि यहां संक्रमण दर 30 अप्रैल को 16% से अधिक हो गयी थी, जो अब धीरे-धीरे नीचे आ रही है. बीते वर्षों के आंकड़ों से तुलना करने पर बिहार की संक्रमण दर देश भर में सबसे कम है. केंद्र सरकार की रिपोर्ट के अनुसार बिहार में संक्रमण दर मात्र 2.3% है, जो देश भर में सबसे कम है.

दूसरी ओर अन्य बड़े राज्यों जैसे – महाराष्ट्र में सबसे अधिक 17.4%, केरल में 11.7%, दिल्ली में 7.6%, यूपी में 3.6% और मध्य प्रदेश में 8.3% संक्रमण दर रही है. झारखंड में भी चार फीसदी संक्रमण दर रही है. रिकवरी रेट में भी बिहार में लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है. वर्तमान में बिहार में मरीजों के ठीक होने का प्रतिशत 85 के पार हो गया  है और बिहार पूरे देश में तीसरे स्थान पर है.

बिहार में रिकवरी रेट बढ़ कर 85.38% हो गयी है, जो 18 अप्रैल के बाद सबसे अधिक है. यही कारण है कि सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 89,563 रह गयी है. गौरतलब है कि महाराष्ट्र में रिकवरी दर 88.3% है, जो देश भर में दूसरे स्थान पर है. वहीं, दिल्ली में देश भर में सबसे अधिक 92.8% रिकवरी रेट है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.