बिहार में कितना भी कोई कुछ कर ले, क्राइम रुकने वाला नहीं है. कोरोना संकट के बीच भी अपराधी लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. आज शुक्रवार को अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया है. यह वारदात कोई जिलों में नहीं, बल्कि राजधानी पटना से सटे दानापुर में हुई है. खास बात कि एक ही गोली से पार्षद व जमादार दोनों घायल हो गए हैं. दोनों को स्थानीय अस्पताल में एडमिट कराया गया है.
मिल रही जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 6 के पार्षद इंद्र कुमार और जमादार प्रदीप राम सड़क किनारे बैठे हुए थे. दानापुर के शाहपुर थाना इलाके के तुरहा टोली में हुई इस घटना से लोगों में दहशत हो गई. बताया जाता है कि दोपहर में एक बाइक से दो अपराधी वहां पर आए. बाइक पर पीछे बैठे अपराधी ने कट्टा निकाला और गोली चला दी.
सबसे खास बात कि अपराधी के कट्टे से पहली गोली निकली ही नहीं, उसी में फंस कर रह गई. तब अपराधी ने बड़े ही इत्मीनान से दूसरी गोली चलाई. दूसरी गोली से पार्षद इंद्र कुमार के बाएं पैर में तो जमादार प्रदीप राम की कमर के पास लगी. दोनों अपराधियों की उम्र 18 से 20 साल के आसपास थी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंच गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी. हालांकि पुलिस के पहुंचने के पहले ही अपराधी फरार हो गए. पुलिस अब सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है.




Leave a Reply