क्रूर कोरोना वायरस संक्रमण अब नामी-गिरानी हस्तियों को भी न केवल अपनी चपेट में ले रहा है, बल्कि इससे कई कलाकारों, संगीतकारों और समाजसेवियों की जान तक जा चुकी है। ताजा मामले में कोरोना वायरस की चपेट में आईं टाइम्स ग्रुप की अध्यक्ष इंदु जैन का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि कोरोना वायरस संक्रमण से उत्पन्न जटिलताओं के कारण बृहस्पतिवार शाम को उनका निधन हो गया। इंदु जैन ने राजधानी दिल्ली में अंतिम सांस ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंदु जैन के निधन पर शोक जताया और कहा कि सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए पहल, भारत की प्रगति को लेकर उनके जज्बे और संस्कृति के प्रति गहरी दिलचस्पी के लिए उन्हें याद किया जाएगा। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘टाइम्स समूह की अध्यक्ष इंदु जैन के निधन से दुखी हूं। सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में उनके द्वारा उठाए गए कदमों, भारत की प्रगति को लेकर उनके जज्बे और संस्कृति के प्रति गहरी दिलचस्पी के लिए उन्हें याद किया जाएगा।’ प्रधानमंत्री ने इंदु जैन के साथ अपने संवाद के अवसरों को याद किया और परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की।
यहां पर बता दें कि इंदु जैन कल्याणकारी गतिविधियों के लिए स्थापित टाइम्स फाउंडेशन की संस्थापक भी थीं और उन्होंने नामी उद्योग लॉबी फिक्की की महिला विंग की भी स्थापना की। इंदु जैन को 2016 में देश के तीसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
देश में महिलाओं के बीच उद्यमिता और व्यावसायिकता के लिए 1983 में फिक्की महिला संगठन (FLO) की स्थापना की, वह संस्थापक अध्यक्ष थीं। इंदु जैन भारतीय ज्ञानपीठ ट्रस्ट के अध्यक्ष बनीं।
CM नीतीश ने कहा टाइम्स ग्रुप के चेयरपर्सन इंदु जैन जी के निधन का समाचार दुखद है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को चिर शांति प्रदान करें।
डॉक्टर यूसी बिस्वाल का निधन
कोरोना संक्रमण के चलते 70 वर्षीय डॉ. यूसी बिस्वाल का बृहस्पतिवार को आरएमएल अस्पताल में निधन हो गया। वह सर्जरी विभाग के प्रोफेसर थे और आरएमएल अस्पताल में इसके विभागाध्यक्ष के रूप में सेवाएं दी थी। थी। उन्होंने वर्ष 2013 में उत्तरी निगम के हिंदूराव मेडिकल कालेज में सर्जरी विभाग में बतौर प्रोफेसर ज्वाइन किया था। वह इसी वर्ष फरवरी में सेवानिवृत्त हो गए थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने ¨हदूराव अस्पताल में ही कोवैक्सीन की दोनों डोज ली थीं।
डॉ. एसके भंडारी का निधन
दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल की एमेरिटस सलाहकार डॉक्टर एसके भंडारी का निधन हो गया है। उनका निधन के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। उनके निधन पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर शोक जाहिर किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा मेरे भाई (राहुल गांधी), मेरी और मेरे बेटे व बेटी की डिलिवरी उन्होंने (डॉक्टर एसके भंडारी) ने ही कराई थी। वह सत्तर के दशक के अंत में खुद ही अपनी गाड़ी चलाकर सुबह-सुबह अस्पताल पहुंच जाती थी। उन्होंने मानवता के प्रत्येक गुण को अंत तक बरकरार रखा। एक महिला जिसे मैं हमेशा सम्मान देती हूं, एक मित्र की तरह उन्हें मैं हमेशा याद रखूंगी।






Leave a Reply