जिले में लगातार बढ़ रहे संक्रमण के बीच लोग मानने को तैयार नहीं है. बेवजह सड़कों पर तरह-तरह के बहाने बनाकर निकलते हैं. जिसे देखते हुए मुजफ्फरपुर के एसएसपी जयंत कांत ने नगर थाना क्षेत्र के टावर चौक पर बेवजह सड़कों पर घूमने वाले लोगों को फटकार लगायी, और कईयों के चालान काटे. मौजूद पुलिसकर्मियों ने डंडे से भी लोगों का स्वागत किया.
एसएसपी ने बताया कि कोरोना संक्रमण का जो गाइडलाइन है, उसे पालन कराने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है. लोग बेवजह सड़कों पर घूम रहे हैं उनसे आग्रह है कि सड़कों पर नहीं आए, अन्यथा पुलिस कार्रवाई करेगी. उधर महामारी के बीच निजी अस्पतालों की लूट-खसोट पर लगाम लगाने को लेकर जिलाधिकारी प्रणव कुमार और एसएसपी जयंत कांत ने धावा दल का गठन किया है. जिसके बाद लागातार निजी अस्पतालों में जांच की जा रही है. इसी क्रम में बुधवार को ब्रह्मपुरा थाने के समीप प्रसाद हॉस्पिटल में सिटी एसपी राजेश कुमार और नगर आयुक्त के साथ अन्य आला अधिकारियों ने जांच की.
प्रशासन के पहुंचते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया. सिटी एसपी राजेश कुमार ने बताया कि जांच की गई है. किसी प्रकार की कोई अनियमितता नहीं पाई गई है. जो थोड़ी बहुत कमी आई है, उसको सही करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही इलाज कराने आए मरीजों के परिजनों से भी बात की गई है कि किस प्रकार की राशि वसूली जा रही है. डिस्चार्ज रसीद भी ली गई है, जिसकी सरकारी दर के अनुसार जांच की जाएगी.
बता दें कि मरीज के परिजनों द्वारा लगातार ऐसी शिकायत मिल रही थी कि निजी अस्पताल में मोटी रकम वसूली जा रही है. इसको लेकर जिलाधिकारी ने धावा दल का गठन किया. जो अचानक शहर के किसी ना किसी अस्पताल पर धावा बोलकर जांच करते हैं. इस दौरान अनियमितता पाये जाने पर उस अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई करने की अनुशंसा करते हैं.






Leave a Reply