BIHARBreaking NewsSTATE

जेल जाते-जाते भावुक हुए पप्पू यादव, लालू पर जताया भरोसा; तेजस्वी से की खास अपील

जन अधिकार पार्टी (जाप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के खिलाफ मंगलवार को पीएमसीएच में इलाज में बाधा पहुंचाने और कोविड वार्ड में हंगामा करने के आरोप में पुलिस ने कार्रवाई की और उन्हें जेल भेज दिया गया। पहले महामारी अधिनियम के उल्लंघन के मामले में उनके आवास से हिरासत में लेकर गांधी मैदान थाने में रखा गया। देर शाम मधेपुरा के एक 32 वर्ष पुराने मामले में निकले वारंट के आधार पर मधेपुरा पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और अपने साथ ले गई। इसके पूर्व पटना में उनके खिलाफ और कुछ अज्ञात कार्यकर्ताओं पर महामारी अधिनियम के उल्लंघन की शिकायत पर पीरबहोर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उनकी गिरफ्तारी को लेकर विपक्ष के साथ सरकार के सहयोगी दलों ने भी विरोध जताया है। जाते-जाते पप्पू यादव लालू और तेजस्वी पर भरोसा जता गए। 

मैंने तो नीतीश की ही मदद कर रहा

पटना में मीडिया को संबोधित करते हुए पप्पू ने कहा कि मुझे भाजपा के इशारे पर गहरी साजिश के तहत जेल भेजा जा रहा है, जबकि मैंने पिछले डेढ़ महीने से लोगों को बचाकर नीतीश कुमार की ही मदद की। मैं नीतीश कुमार से पूछना चाहता हूं कि आखिर जो मामला हाई कोर्ट में लंबित है, उस मामले में कोरोना काल मे गिरफ्तारी क्या जरूरी थी ? 

…तो हम तेजस्वी के साथ हैं

पप्पू यादव ने तमाम विपक्ष से मिले सपोर्ट का आभार व्यक्त किया और लालू यादव से आग्रह कि बिहार को बचाने में संघर्ष तेज करें। एक सवाल के जवाब में पप्पू यादव ने ये भी कहा कि अगर आज हम जेल में हैं तो तेजस्वी यादव सड़क पर उतरें, अस्पतालों में दवा लेकर जाएं, लोगों को बेड उपलब्ध कराएं। हमारे लोग हमेशा उनके साथ रहेंगे। पप्पू यादव ने कहा कि सरकार की नीयत इतनी खराब है कि आज गरीब लोगों को हर रोज जाने वाले खाने को बंद करा दिया। इसलिए जब तक बिहार के मेरे गरीब भाई बहन और अस्पतालों में कोरोना का इलाज करा रहे लोग भूखे रहेंगे, तब तक मैं भी पानी का एक निवाला नहीं लूंगा।

राजद ने भी पप्पू यादव की गिरफ्तारी की आलोचना की

राजद ने भी पप्पू यादव की गिरफ्तारी की आलोचना की है। राजद नेता श्याम रजक ने कहा कि पप्पू यादव मानवता के हित में ऑक्सीजन से लेकर दवाई व अस्पताल तथा बेड को लेकर काम कर रहे थे। पर तानाशाही वाले अंदाज में उन्हे गिरफ्तार किया गया। उन्हें तत्काल रिहा किया जाए।

जाप आज से शुरू करेगी जेल भरो अभियान

जन अधिकार पार्टी (जाप) अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार से जेल भरो आंदोलन की शुरुआत करेगी। प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र कुशवाहा ने बताया कि पार्टी के तमाम नेता एवं कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे। पूर्व सांसद की गिरफ्तारी राजनीति से प्रेरित है। राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता प्रेमचंद सिंह ने कहा कि पप्पू यादव के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए राज्य सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार होगी। पूर्व मंत्री अखलाक अहमद ने कहा कि जेपी, कर्पूरी ठाकुर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती पर यह अन्याय बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष की रिहाई की मांग को लेकर पूरे दिन दर्जनों कार्यकर्ता गांधी मैदान थाने के आसपास जमा रहे। 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.