पूर्व सांसद पप्पू यादव और उनके समर्थकों के खिलाफ पीरबहोर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप 11 मई को सुबह 7.45 बजे 12 समर्थकों के साथ PMCH के कोविड कंट्रोल रूम में आकर सोशल डिस्टेंसिंग का नियम तोड़कर काम में बाधा पहुंचाया गया। इसमें महामारी एक्ट 1897 का भी उल्लंघन किया गया। PMCH के कंट्रोल रूम के मजिस्ट्रेट राम बिहारी दूबे और पुलिस पदाधिकारी चंद्रेश्वर प्रसाद की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। PMCH में 10 मई को तेज प्रताप के पहुंचने पर भी सौ से अधिक लोगों की भीड़ हुई थी, चर्चा उनपर भी कार्रवाई को लेकर है।
आनन फानन में पप्पू यादव पर एक्शन
प्रशासन का कहना है कि 11 मई की सुबह 7:45 बजे पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी HR 26BY 5401 पर सवार होकर PMCH अस्पताल कोविड वार्ड के पास अपने 10 -12 समर्थकों के साथ पहुंच गए। अनावश्यक रूप से पूछताछ करते हुए हल्ला हंगामा करने लगे। इस कारण वहां आसपास के लोग इकट्ठा हो गए जिससे पीएमसीएच कोविड वार्ड का कार्य प्रभावित हो गया और सोशल डिस्टेंसिंग तथा कोविड-19 की गाइडलाइन का उलंघन हुआ। आरोप है कि मना करने पर भी नहीं माने। वह कोविड वार्ड की तरफ चले गए जिस कारण चिकित्सा व्यवस्था बाधित हो गई।
मजिस्ट्रेट ने पप्पू यादव से मांगा था पास
मजिस्ट्रेट का कहना है कि जब पूर्व सांसद से पूछा गया कि लॉकडाउन में कोरोना वार्ड में आप क्यों आए हैं। इसके साथ ही उनसे अनुमति पास दिखाने को कहा गया तो वे गुस्सा हो गए और बोले कि पास नहीं दिखाऊंगा, मेरा जहां मन होगा वहां जाऊंगा। मजिस्ट्रेट का कहना है कि इस प्रकार उनके द्वारा कोरोना महामारी तथा लॉकडाउन की अवधि में कोरोना गाइडलाइन का उलंघन किया गया है। पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव एवं अज्ञात कार्यकर्ताओं के विरुद्ध पीरबहोर थाना में मंगलवार को मुकदमा दर्ज कराया गया है।
खाना बांटने में तेज ने उड़ाई थी धज्जियां
लालू की रसोई का खाना लेकर मरीजों के परिजनों को बांटने पहुंचे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव ने भी सोमवार को कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाई थी। वह 4 गाड़ियों का काफिला लेकर PMCH में दाखिल हुए थे और उनके साथ सुरक्षा गार्डों की भी फौज थी। इस दौरान सोमवार को PMCH के कोरोना वार्ड के बाहर भीड़ जमा हो गई थी। 100 से डेढ़ सौ की संख्या में लोग वहां जमा हो गए।
तेज प्रताप लगभग 40 मिनट तक PMCH में भीड़ लगाए थे। सोशल डिस्टेंस का कहीं पालन होता नहीं दिख रहा था। कोरोना वार्ड के नोडल को भी वह मौके पर तलब कर लिए थे। एक मरीज के परिजन से वह उनकी समस्या पूछ रहे थे और नोडल को उसके समाधान के लिए बोन रहे थे। इस दौरान मरीजों के परिजनों के साथ आसपास वार्डों के लोग भी इकट्ठा हो गए। इतना ही नहीं भीड़ के साथ तेज प्रताप उस स्थान पर भी गए जो संवेदनशील है, वहां से डेडबॉडी लाई जाती है। इस स्थान पर भी तेज प्रताप 15 से 20 मिनट तक भीड़ के साथ मौजूद रहे। PMCH में पूर्व सांसद पर कार्रवाई के बाद अब चर्चा है कि अन्य नेताओं पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
भास्कर ने उठाया था मामला
तेज प्रताप यादव के पटना मेडिकल कॉलेज में पहुंचने के बाद जुटी भीड़ से कोरोना के खतरे को लेकर दैनिक भास्कर ने पहले ही अगाह किया था। खाना के साथ कोरोना के खतरे को लेकर अगाह किया था कि नेताओं की इंट्री से व्यवस्था प्रभावित हो रही है और सोशल डिस्टेंसिंग का नियम भी टूट रहा है। मंगलवार को पप्पू यादव पर कार्रवाई हो गई। अब तेज प्रताप को लेकर चर्चा तेज है, हालांकि कोई अफसर आधिकारिक रूप से मुंह खोलने को तैयार नहीं है।




Leave a Reply