बिहार में कोरोना की लहर के बीच जाप सुप्रीमो पप्पू यादव साक्षात हीरो बन गए हैं. वे महामारी में जान पर खेल कर लोगों की मदद कर रहे थे. ऑक्सीजन सिलेंडर से लेकर पैसे तक से वे कोरोना पीड़ितों की मदद कर रहे थे. तीन-चार दिन पहले छिपा कर रखे गए एंबुलेंस को लेकर बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रुडी की पोल खोल दी थी.
उसी पप्पू यादव को आज पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. अब उनके समर्थन में दलों का बंधन तोड़ कर नेता सामने आ रहे हैं. आरजेडी के बाद अब नीतीश सरकार में शामिल हम पार्टी के मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी जाप सुप्रीमो पप्पू यादव के समर्थन में आ गए हैं. उन्होंने ट्वीट कर बड़ी बात कही है.
हम के मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा- ‘कोई जनप्रतिनिधि अगर दिन-रात जनता की सेवा करे और उसके एवज़ में उसे गिरफ़्तार किया जाए, ऐसी घटना मानवता के लिए ख़तरनाक है. ऐसे मामलों की पहले न्यायिक जांच हो, तब ही कोई कारवाई होनी चाहिए. नहीं तो जन आक्रोश होना लाज़मी है.’
हालांकि जीतनराम मांझी ने अपने ट्वीट में जाप सुप्रीमो पप्पू यादव का नाम नहीं लिया है. लेकिन उन्होंने अपने शब्दों से साफ इशारा कर दिया है कि वे पप्पू यादव की गिरफ्तारी से काफी दुखी हैं. बहरहाल, पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. आरजेडी ने भी बिना नाम लिये सरकार की इस कार्रवाई को हिटलरशाही की संज्ञा दी है, जबकि ट्विटर पर भी लगातार पप्पू के समर्थन में ट्रेंड कर रहा है.






Leave a Reply