BIHARBreaking NewsSTATE

लालू की वर्चुअल मीटिंग पर हलचल तेज :NDA ने लालू के कार्यक्रम पर उठाए सवाल, RJD ने कहा- भयाक्रांत हो गए हैं BJP-JDU वाले

बिहार की राजनीति लालू यादव के इर्द-गिर्द घूमती थी और घूमती है, यह अपवाद नहीं है। इसका उदाहरण है लालू यादव का जेल से बाहर आना। लालू यादव जेल से बाहर क्या आए, उनके विरोधी दल लगातार उन पर हमला करने लगे हैं। BJP और JDU के नेता लालू यादव की जमानत, जेल और उनके राजनीति को लेकर खुब प्रतिक्रिया दे रहे हैं। अभी लालू यादव बिहार नहीं आए हैं, लेकिन उनकी धमक बिहार के राजनीतिक गलियारे में दिखने लगी है। 9 मई को लालू यादव अपने विधायकों, सांसदों, पूर्व सांसद-विधायकों और नेताओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग करने वाले हैं। इसको लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजियों का दौर शुरू हो गया है।

सुशील मोदी ने की तीखी टिप्पणी

BJP नेता और राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने लालू यादव पर हमला करते हुए कहा था कि चारा घोटाला में सजायाफ्ता लालू प्रसाद को जमानत पर छोड़ने के लिए आधी सजा काटने से लेकर गंभीर बीमारियों से पीड़ित होने तक कई दलीलें दी गई थीं, लेकिन जमानत मिलते ही वे अपना राजनीतिक कार्यक्रम घोषित कर रहे हैं। अब पार्टी उनकी बीमारियों को भुला चुकी है। लालू प्रसाद को पहले अपने स्वास्थ्य और कोरोना लहर से परेशान जनता की चिंता करनी चाहिए। राजद प्रमुख सुनिश्चित करें कि पार्टी अनाप-शनाप बयानबाजी बंद कर पीड़ितों की सेवा में रचनात्मक सहयोग में लगे। बिहार के लोग सुरक्षित बचेंगे, तो वे बहुत राजनीति कर लेंगे।

JDU ने कहा-लालू यादव अपनी ऊर्जा को व्यर्थ गंवा रहे

लालू यादव की मीटिंग को लेकर JDU के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होने कहा कि लालू यादव को अब तक 56 बीमारी थी, जैसे ही बाहर आ रहे है इनकी बीमारी दूर होती जा रही है। दरअसल, लालू यादव छात्र जीवन से ही छद्म रूप धारण कर लेते थे। वैसे भी लालू यादव में वो दम नहीं रहा कि वो अपने नेताओं में जोश भर सकें। उनके नेता हताश और निराश हो चुके हैं। लालू यादव अपनी ऊर्जा को व्यर्थ गंवा रहे हैं।

BJP-JDU के नीचे की जमीन खिसकने वाली है

लालू यादव पर इस हमले के बाद RJD प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने BJP-JDU नेता को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि BJP और JDU के नेता लालू यादव के नाम से ही भयाक्रांत हो गए हैं। उन्हें डर हो गया है कि उनके नीचे की जमीन खिसकने वाली है। लालू यादव के दिल्ली रहते इतना डर है यदि वो पटना आ जाएंगे तो ये नेता कहीं खुदकुशी ना कर लें। ये स्तरहीन भाषा का प्रयोग कर रहे, जिसका कोई असर RJD और लालू जी की सेहत पर नहीं पड़ने वाला है। लालू यादव के स्वागत के लिए पूरा बिहार तैयार है। 9 मई की मीटिंग शानदार और जानदार होगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.