देश में कोरोना (Corona) संक्रमित मरीजों की संख्या ने अब भयानक रूप ले लिया है. पिछले 10 दिन से लगातार हर दिन 3 लाख से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं. शुक्रवार को इस रिकॉर्ड ने 4 लाख के आंकड़े को भी पार कर लिया था. हालांकि पिछले 24 घंटे में पहली बार ऐसा हुआ है जब ठीक होने वाले मरीजों (Corona Patient) का आंकड़ा 3 लाख को पार कर गया है. शनिवार को 24 घंटे में 3 लाख 8 हजार 522 लोग ठीक होकर घर लौटे. कोरोना ने शुक्रवार से थोड़ी राहत दी है. देश में पिछले 24 घंटे में 3 लाख 92 हजार 459 नए मरीज सामने आए. इस दौरान 3,684 लोगों की जान चली गई.
इससे पहले शुक्रवार को कोरोना मरीजों की संख्या ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे. शुक्रवार को एक दिन में देश में 4 लाख 1 हजार 911 नए संक्रमितों की पहचान की गई. ये दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में मिले संक्रमितों की सबसे बड़ी संख्या है. बता दें कि पिछले 24 घंटे में पूरी दुनिया में 8.66 लाख नए मरीजों की पहचान हुई, जिसमें से आधे 46% भारत में ही सामने आए.
देश में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र दिखाई पड़ रहा है. महाराष्ट्र में शनिवार को कोविड-19 के 63,282 नए मामले सामने आए जबकि इस महामारी के कारण 802 और मरीजों की मौत हो गई. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में अबतक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या 46,65,472 पर पहुंच गई है जिनमें से 69,615 लोगों की मौत हो चुकी है. महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 62,919 नए मामले आए थे जबकि 828 लोगों की मृत्यु हुई थी.
मुंबई में 3,897 नए मामले आए सामने, 90 की हुई मौत
राजधानी मुंबई में 3,897 नए मामले आए और 90 लोगों की मौत हुई. इसके साथ ही महानगर में अबतक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 6,52,368 हो गई है जबकि 13,215 लोगों की इससे मौत हो चुकी है. स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि गत 24 घंटे में राज्य में 61,326 मरीजों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई. इसके साथ ही राज्य में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 39,90,302 हो गई है. महाराष्ट्र में इस समय 6,63,758 मरीज उपचाराधीन हैं.
दिल्ली में कोरोना के रिकॉर्ड 25,219 केस, 412 की मौत
दिल्ली में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 25,219 नए मामले सामने आए जबकि एक ही दिन में कोविड-19 के सर्वाधिक 412 मरीजों ने दम तोड़ दिया. राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण दर 31.61 फीसदी हो गई है. दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राजधानी में शुक्रवार को 375 मरीजों की मौत हुई थी जबकि बृहस्पतिवार को 395, बुधवार को 368, मंगलवार को 381 और सोमवार को 380 मरीजों की जान गई थी. दिल्ली में अब तक संक्रमण के 11,74,553 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 10.61 लाख मरीज ठीक हुए हैं जबकि इस घातक वायरस के कारण 16,559 लोगों की मौत हो चुकी है.




Leave a Reply