नगर थाना क्षेत्र में नाइट कर्फ्यू के उल्लंघन का मामला सामने आया है। मंगलवार की देर रात तक शादी समारोह में डीजे व आर्केस्ट्रा बजाने पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में डीएम आवास मोड़ इमलीचटटी स्थित एक होटल के प्रबंधक और इवेंट मैनेजर को आरोपित किया गया है। बताते हैं कि शादी समारोह के दौरान तेज आवाज में डीजे, आर्केस्ट्रा व म्यूजिक सिस्टम बजाने की सूचना पर नगर थाने की पुलिस पहुंची। डीजे व म्यूजिक सिस्टम को बंद कराते हुए जब्त कर लिया। हालांकि इस दौरान पुलिस को देखते ही कलाकार व अन्य कर्मी मौके से भाग निकले। कुछ देर तक वहां अफतराफरी की स्थिति बन गई।
बता दें कि उक्त होटल पर्यटन विभाग से संबंधित है। मंगलवार की शाम से ही वहां गहमागहमी बनी हुई थी। इलाके में कई वरीय अधिकारियों के आवास हैं। पुलिस ने कई बार जाकर होटल प्रबंधक को समझाते हुए चेतावनी दे दी थी। बावजूद देर रात तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम बजाया जा रहा था।
गोबरसही में होटल मालिक समेत अन्य पर केस दर्ज
मुजफ्फरपुर : सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही स्थित एक होटल में नाइट कर्फ्यू का उल्लंघन कर शादी समारोह में डीजे व म्यूजिक बजाया जा रहा था। सूचना पर सिटी एसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान वहां से डीजे व म्यूजिक सिस्टम को जब्त किया गया। साथ ही छह वाहन को भी जब्त कर थाना लाया गया। मामले में पुलिस के बयान पर होटल के मालिक, मैनेजर समेत अन्य पर महामारी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हाट-बाजार में उमड़ी भीड़
पारू (मुजफ्फरपुर) : देवरिया चौक पर कोरोना जैसे महामारी के बीच प्रतिदिन हाट-बाजार लग रहे हैं जहां कोरोना गाइडलाइन का खुला उल्लंघन हो रहा है। हाट में शारीरिक दूरी का ख्याल नहीं रखा जा रहा जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है। बुधवार को दारोगा रामानंद यादव, प्रमोद कुमार, एसार अहमद, सुनील कुमार आदि ने जवानों के साथ बाजार बंद कराया। वहीं, चौक पर पहली बार पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दुकानें बंद कराईं।





Leave a Reply