BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

मुजफ्फरपुर : संक्रमण रोकने काे शहर में बनेंगे 4 मेगा कंटेनमेंट जोन, जिले में पहली बार यह व्यवस्था

जिले के शहरी क्षेत्र में भी लगातार बढ़ रहे कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने और सख्ती का निर्णय लिया है। तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण का चेन ताेड़ने के लिए अब शहरी क्षेत्र के चार इलाकों में मेगा कंटेनमेंट जोन बनेंगे। ये वैसे मोहल्ले हाेंगे, जिनमें संक्रमित मरीजों की संख्या 30 या इससे अधिक हाेगी। प्रशासनिक निर्णय के मुताबिक, मेगा कंटेनमेंट जोन के मोहल्ले की संपर्क सड़क बंद कर दी जाएगी। यानी मेन राेड से जुड़ने वाले हर रास्ते बंद किए जाएंगे, ताकि आम लाेगाें और वाहनों की आवाजाही राेकी जा सके। इसके लिए मंगलवार शाम तक का समय तय किया गया है।

सोमवार को अपर समाहर्ता राजेश कुमार, स्वास्थ्य विभाग और केयर इंडिया की टीम की बैठक में स्वास्थ्य विभाग ने मेगा कंटेनमेंट जोन बनाने को कहा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इसके बिना संक्रमण का चेन ताेड़ना संभव नहीं दिख रहा है। विभाग ने इसके लिए शहरी क्षेत्र के 30 या इससे अधिक केस वाले मोहल्ले का प्रस्ताव दिया। अपर समाहर्ता राजेश कुमार काे स्वास्थ्य विभाग ने इसकी सूची भी दी है। इनमें अखाड़ाघाट, अहियापुर, अघोरिया बाजार, मिठनपुरा, ब्रह्मपुरा जूरन छपरा, भगवानपुर और बीबीगंज जैसे इलाके प्रमुख हैं। एसीएमओ डॉ. उमेश चंद्र पांडे ने कहा कि इन इलाकों में अधिक कोरोना पॉजिटिव केस हैं। मेगा कंटेनमेंट जोन बनने के बाद स्थानीय थाने का एक जवान घेराबंदी के आसपास तैनात रहेगा। जवान किसी के भी बाहर निकलने या बाहर से आने वालाें पर नजर रखेगा।

ये इलाके सर्वाधिक संक्रमण वाले चिह्नित इसलिए यहां बनेंगे मेगा कंटेनमेंट जाेन

  • अखाड़ाघाट समेत अहियापुर और इसके मेन रोड को छोड़ आसपास की गलियों की घेराबंदी होगी।
  • अघोरिया बाजार और मिठनपुरा मेन रोड काे छोड़ कर इसके दर्जन भर मोहल्ले की सड़काें की घेराबंदी कराई जाएगी।
  • ब्रह्मपुरा जूरन छपरा – रोड नंबर दो और चार का मुख्य पथ से संपर्क बंद कर दिया जाएगा।
  • भगवानपुर इलाके के मोहल्ले व बीबीगंज – मुख्य सड़क से लगने वाले मोहल्ले की घेराबंदी होगी।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.