कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ पिछले 24 घंटे के अंदर पूरे बिहार में स्पेशल ड्राइव चलाया गया है। सोमवार की शाम बिहार पुलिस मुख्यालय की तरफ से जारी आंकड़ों के तहत कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 2 FIR दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में मास्क नहीं पहनने वाले 3987 लोगों को पकड़ा गया। इनसे जुर्माना के रूप में 1 लाख 99 हजार 350 रुपया वसूला गया। साथ ही कुल 385 गाड़ियों को जब्त किया गया है। इनसे 7 लाख 24 हजार 150 रुपया जुर्माना वसूला गया है।
इस माह बगैर मास्क 72432 पर कार्रवाई
जो लोग बैगर मास्क के ही घूमते हैं, उन्हें भी सचेत रहना चाहिए। पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ भी सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। 1 से 19 अप्रैल तक पूरे बिहार में बगैर मास्क घूमने वाले 72 हजार 432 लोग पकड़े गए। इनसे कुल 36 लाख 31 हजार 600 रुपए का जुर्माना वसूल किया गया है।
इस माह 1.37 लाख गाड़ियां जब्त
गाड़ियों की जब्ती के मामले में 1 से 19 अप्रैल तक कुल 28 FIR बिहार के अलग-अलग थानों में दर्ज हुए हैं। 43 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कुल 1 लाख 37 हजार 590 गाड़ियों को जब्त किया गया है। इनसे 2 करोड़ 86 लाख 40 हजार 527 रुपया जुर्माना वसूला गया है।
प्रोटोकॉल पालन नहीं कर रहे इसलिए बढ़ी सख्ती
बिहार में कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां जमकर उड़ाई जा रही है। तभी तो कोरोना के दूसरी लहर का संक्रमण काफी तेजी से फैल रहा है। बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ रहे हैं। हॉस्पिटलों में बेड, तो शमशान घाटों पर लाश को जलाने के लिए जगह नहीं मिल रही है। कोरोना के तेजी से फैलते संक्रमण को रोकने के लिए सरकार की तरफ से उसका प्रोटोकॉल बनाया गया। लेकिन, राज्य के लोग पूरी तरह से प्रोटोकॉल का पालन कर ही नहीं रहे हैं। इस कारण अब बिहार पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है।








Leave a Reply