Breaking NewsJHARKHAND

धोनी के फार्म हाउस में तरबूज-खरबूज की बंपर पैदावार, जल्द बाजार में होंगे उपलब्ध

रांची. मौसम कोई भी हो रांची में रंग धोनी का ही जमता है. धोनी (MS Dhoni) के इजा फार्म हाउस में इन दोनों मौसमी फलों की बहार है. 43 एकड़ के फार्म हाउस में बड़े पैमाने पर तरबूज और खरबूज की खेती की गयी है. बेहद मीठे और रसीले ये फल जल्द ही राजधानी के बाजारों में बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे.

कड़कनाथ के बाद रांची में धोनी का फार्म हाउस एक बार फिर चर्चा में है. इस बार सुर्खियों में है माही का अनोखा तरबूज और खरबूज. बेहद रसीले और मीठे इन दोनों फलों की फार्म हाउस में बंपर पैदावार हुई है. फलों के बेहद शौकीन माही के फार्म हाउस में करीब साढ़े पांच एकड़ में तरबूज की उन्नत 2204 किस्म लगाई गयी है. दिखने में बिलकुल गहरे हरे रंग के ये तरबूज 6 से आठ किलो तक के होत हैं. साथ ही बेहद लाल होने के साथ ही काफी मीठे और रसीले होते हैं. फार्म हाउस में ये तरबूज लगभग तैयार हो चुके हैं. चारों तरफ बिखरे पड़े इन तरबूजों को देखकर फार्म हाउस में काम करने वाले कर्मी भी खासे उत्साहित हैं. और इनका खास ख्याल रखते नजर आ रहे हैं.

वहीं दूसरी ओर माही के फार्म हाउस में जो सबसे खास और अनोखे स्वाद वाले फल की बंपर पैदावार हुई है, वो है खरबूज. आमतौर पर खरबूजों का स्वाद जरा फीका होता है. और ये ज्यादा मीठे नहीं होते. लेकिन माही के फार्म हाउस में बॉबी किस्म के खरबूजे करीब डेढ़ एकड़ में लगाये गये है. हल्के पीले दिखने में वाले ये खरबूजे स्वाद में इतने मीठे हैं कि खरबूजों के स्वाद को जानने वालों का भी भरोसा करना मुश्किल साबित हो रहा है.

खाने के साथ ही चौंकाने वाले ये बॉबी खरबूज 700 से 800 ग्राम के बीच के हैं. इनमें बायो फर्टिलाइजर, जीवामृत और अमृत जल का इस्तेमाल किया गया है. जिसके मिश्रण से ये बेहद मीठे और आम खरबूजों के स्वाद से बेहद अलग हैं. राजधानी में बढ़ते पारे के बीच बाजारों में जल्द ही फार्म हाउस के तरबूजे और खरबूजे आपको बिकते नजर आएंगे. फिलहाल इन दोनों फलों की कीमत तय नहीं की गयी है. लेकिन एक तरबूज चूंकि 6 से 8 किलो के बीच का है. लिहाजा यह एक फैमिली पैकेज होगा. और जब आप इन तरबूजों को खरीदेंगे तो साथ में बेहद मीठे खरबूजों का स्वाद चखना नहीं भूलेंगे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.