बढ़ते जा रहे कोरोना के प्रकोप को देखते हुए सरकार ने सभी स्कूल, कॉलेज व कोचिंग संस्थानों को 11 अप्रैल तक बंद रखने का आदेश दिया है। बावजूद सोमवार को नगर के कई कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई हुई। सामान्य दिनों की तरह समय पर बच्चे व शिक्षक पहुंचे तथा आदेश पूरी तरह से बेअसर रहा । दूसरी ओर, इस मामले को लेकर शिक्षा विभाग कार्रवाई की तैयारी में है। ऐसे संस्थानों को चिन्हित किया गया है, जो सोमवार को संचालित हुए।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी फणीशचंद पाठक ने बताया कि कोरोना के बढ़ते प्रसार को देखते हुए सभी शिक्षण संस्थानों को 11 अप्रैल तक बंद रखने का आदेश जारी हुआ है। इसके बावजूद कई संस्थानों के द्वारा आदेश के उल्लंघन की जानकारी मिली है । प्रखंड साधनसेवी के नेतृत्व में दो सदस्यीय छापेमारी टीम का गठन किया गया है । जो चिन्हित संस्थानों पर जाकर यह सुनिश्चित करेंगे कि सरकार के आदेश का शत प्रतिशत अनुपालन किया जा रहा है । मंगलवार से छापेमारी शुरू होगी। जिन संस्थानों में पढ़ाई होती मिलेगी वहां के शिक्षकों से जवाब-तलब करते हुए कोचिंग का लाइसेंस रद करने की अनुशंसा की जाएगी । इसके साथ नियमानुकूल जुर्माना भी वसूल किया जाएगा । बीईओ ने बताया कि वैश्विक महामारी से बचाव के लिए सरकार के हर आदेश का पालन करना हमारी जवाबदेही है ।
समय से पहुंचेंगे शिक्षक :-
कोरोना संकट के कारण भले ही स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों की 11 अप्रैल तक छुट्टी कर दी गई है, लेकिन शिक्षक समय से स्कूल पहुंचेंगे । बीईओ ने बताया कि विभागीय निर्देशानुसार स्कूलों में पठन-पाठन की अवधि में बदलाव कर दिया गया है । अब कक्षाएं प्रात:कालीन संचालित होंगी। ऐसे में सभी शिक्षक समय से स्कूल पहुंचेंगे तथा समयावधि की समाप्ति तक स्कूल में बने रहेंगे । जांच में गायब पाए जाने वालों पर कार्रवाई तय है ।








Leave a Reply