शहर की सूरत बदलने के लिए युवाओं की एक टोली वाल पेंटिंग्स बना रही। सभी इंटरमीडिएट और स्नातक के विद्यार्थी हैं। ये ‘टीम ग्रीन दरभंगा’ नाम से मुहिम शुरू कर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सचेत कर रहे हैं। ये शहर की उन जगहों पर पेंटिंग्स बनाते हैं, जहां लोग कूड़ा-कचरा या गंदगी फैलाते हैं। चार युवतियों के नेतृत्व में टीम पिछले दो वर्षों से काम कर रही है। फिलहाल टीम में 30 सदस्य हैं। इनके काम को देखकर नगर निगम पूरी टीम को इसी साल जनवरी में सम्मानित कर चुका है। टीम के सदस्य बिना किसी सरकारी या सामाजिक मदद के जेब खर्च और कोचिंग पढ़ाकर मिलने वाले पैसे से पेंट, ब्रश आदि पर होने वाले खर्च को वहन कर रहे हैं। अब तक करीब 40 हजार रुपये खर्च कर आधा दर्जन जगहों पर पेंटिग्स बना चुके हैं।
कचरे का ढेर देख लिया संकल्प
टीम की संस्थापक सदस्य निगार हसन, आकृति चौधरी, ऋचा श्रीवास्तव और कनिष्का जोशी कहती हैं कि शहर में फैले कचरे के ढेर को देखकर मन खिन्न हो जाता था। कॉलेज आते-जाते सड़क किनारे ऐसी कई जगह पड़ती थी, जहां मोहल्लावासी या बाजार के दुकानदार कचरे को सड़क किनारे फेंक जाते थे। इसे देख कुछ अलग करने की योजना बनाई। ग्रुप के कुछ छात्रों से बातचीत में पेंटिंग्स का विचार आया। शुरुआती दौर में उन जगहों को चिह्नित किया गया, जहां लोग कचरा फेंकते थे। उसके बाद पेंटिंग्स की शुरुआत की गई।
टीम के सदस्य पेंटिंग्स कला में निपुण
अब्दुल अजीज, रवि महथा, यश जुमनानी का कहना है कि टीम ग्रीन दरभंगा के सदस्य चित्रकला व नाट्य कला में निपुण हैं। एकेडमिक रूप से वे अलग-अलग विषयों के विद्यार्थी हैं, लेकिन शहर की साफ-सफाई के प्रति जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के लिए उनका उद्देश्य एक है। वे हर रोज सुबह और शाम में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार पेंटिंग के लिए निकलते हैं। पेंटिंग्स के माध्यम से जागरूक करने वाली चित्रकारी व स्लोगन लिखे जाते हैं। अभी तक सीएम लॉ कॉलेज, एमआरएम कॉलेज, आयकर चौराहा, भंडार चौक जगहों पर पेंटिंग्स बना चुके हैं। दरभंगा के मेयर वैजयंती देवी खेडिय़ा ने कहा कि शहर के युवा-युवतियों के द्वारा स्वच्छता को लेकर जो मुहिम चलाई जा रही है, वह सराहनीय है। शहरवासियों को वाल पेंटिंग्स के माध्यम से शहर को साफ और सुंदर रखने का संदेश का सम्मान व पालन करना चाहिए।









Leave a Reply