BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

मुजफ्फरपुर : 21 नए कोरोना पॉजिटिव मिले, पूर्वी अनुमंडल क्षेत्र में बने 27 माइक्रो कंटेनमेंट जोन

जिले में रविवार को कोरोना के 21 नए पॉजिटिव मरीज मिले। इसके साथ ही सक्रिय मरीजों की संख्या 139 हो गई है। इधर, कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले में माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। अनुमंडल पूर्वी क्षेत्र में 27 घरों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। इन घरों के आसपास के सभी लोगों की कोरोना जांच कराई जाएगी। इस क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। साथ ही जोन से किसी व्यक्ति के बाहर निकलने पर भी रोक रहेगी। इस संबंध में एसडीओ पूर्वी डॉ. कुंदन कुमार ने आदेश जारी किया है। सभी कंटेनमेंट जोन में मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती का भी आदेश दिया गया है।

अनुमंडल पूर्वी क्षेत्र में यहां बने माइक्रो कंटेनमेंट जोन

बेला रोड, रामबाग, ब्रह्मपुरा, एसकेएमसीएच, जूरन छपरा, इमलीचट्टी, भगवानपुर, सरैयागंज, रमना, अखाड़ाघाट, बालूघाट, जेनिथ पेट्रोल पंप के पास, यादव नगर वार्ड-10, हर्ट हॉस्पीटल, सिकंदरपुर (काली मंदिर के पास)। इसके अलावा बोचहां के चौमुख, औराई एवं मीनापुर के गोरीगामा डीह में वार्ड-10 में माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। इस क्षेत्र में कुल 25 घर हैं। 

तिरहुत कृषि कॉलेज को भी बनाया गया माइक्रो कंटेनमेंट जोन

तिरहुत कृषि कॉलेज के कर्मी के भी कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर परिसर को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इसके अलावा मुशहरी के एक बैंक की शाखा के कर्मी के पॉजिटिव पाए जाने पर परिसर को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। 

अनुमंडल पश्चिमी क्षेत्र के लिए चार घरों को माइक्रो कंटेनमेंट बनाने का प्रस्ताव

अनुमंडल पश्चिमी क्षेत्र में चार कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनके घरों को भी माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने का प्रस्ताव सिविल सर्जन कार्यालय से भेजा गया है। इसमें तीन घर बैरिया व एक तुर्की से है।

 सीएस कार्यालय का लिपिक हुआ संक्रमित

स्वास्थ्य विभाग के अधिकरियों के अनुसार अधिकांश मरीज शहरी क्षेत्र के विभिन्न इलाके के हैं। सिविल सर्जन कार्यालय के एक लिपिक भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से रविवार को जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार जिले में 2178 लोगों के सैंपल की जांच की गई। इसमें 21 लोग कोरोना पॉजिटिव पाया गया। जिले में कोरोना के 139 सक्रिय मरीज रविवार शाम तक हो गए। सभी मरीजों की निगरानी की जा रही है। 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.