BIHARBreaking NewsSTATE

पटना के IGIMS में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने ली कोरोना वैक्सीन, लोगों से भी टीकाकरण में हिस्सा लेने की अपील

PATNA : देश में आज से 45 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को कोरोना की वैक्सीन दी जा रही है. बिहार में आज इसकी शुरुआत स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने की. मंत्री मंगल पांडेय ने अपनी पत्नी के साथ आज पटना के IGIMS में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली. मौके पर मंगल पांडेय ने लोगों से इस टीकाकरण अभियान में आगे आकर वैक्सीन लेने की अपील भी की. 

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा कि राज्य में आज से 45 और उससे ज्यादा उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. सरकार ने सभी शिक्षकों और राज्य सरकार के कर्मियों को टीका देने का फैसला भी किया है. राज्य सरकार के कर्मियों के अलावा उनके परिजनों को भी टीका लगाया जाएगा. मंगल पांडेय ने बताया कि बिहार में अबतक 29 लाख लोगों ने कोरोना का टीका ले लिया है और आगे भी लोगों से टीकाकरण अभियान में शामिल होने की अपील की जा रही है. 

आपको बता दें कि केंद्र सरकार ने टीकाकरण के लिए संक्रमण वाले इलाकों को चिन्हित करने का निर्देश दिया है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के सीईओ डॉ. आर एस शर्मा और स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण लगातार अभियान निदेशकों के साथ हैं और स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं. टीकाकरण अभियान को रफ्तार देने के लिए सभी जिलों के डीएम और सिविल सर्जन को राज्य सरकार ने जारी किया है. पंचायतवार नोडल कर्मी की तैनाती भी की गई है. अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह कार्ययोजना बनाकर काम करें. 

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.