Breaking NewsNational

गर्मी दिखाने लगी तीखे तेवर, 40 डिग्री के पास पहुंचा पारा, पिछले साल का रि’कॉर्ड टू’टा

भोपाल. अप्रैल का महीना अभी शुरू भी नहीं हुआ है और गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. राजधानी भोपाल में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है. बीते रविवार को दर्ज हुए तापमान पर एक नजर डालें तो राजधानी भोपाल में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा है. रविवार को सुबह करीब 12:00 बजे के आसपास ही तापमान 36 डिग्री पर पहुंच गया था, जो दिन के अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस में तब्दील हो गया.

मार्च में इतना तापमान पिछले साल के रिकॉर्ड तापमान से भी ज्यादा है. रविवार के इस तापमान की तुलना अगर शनिवार को अधिकतम तापमान से करें तो यह 2 डिग्री से भी ज्यादा का इजाफे के साथ रिकॉर्ड हुआ है. इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में गर्मी और सताने वाली है. हालांकि लोगों के लिए मुश्किल यह है कि अभी तो गर्मी के करीब ढाई महीने पूरे बाकी हैं और तापमान का यही हाल रहा तो फिर और कितनी परेशानी होगी.

गुजरात-राजस्थान से आ रहीं गर्म हवाएं

मौसम विभाग की मानें तो तापमान में अचानक इतने उछाल की वजह राजस्थान और गुजरात से आने वाली वह गर्म हवाएं हैं. इन हवाओं ने मध्य प्रदेश की ओर रुख किया है. इन हवाओं की वजह से ही मध्य प्रदेश में तापमान में इजाफा दर्ज किया गया है. बीते साल मार्च महीने के आखिरी दिन यानी 31 तारीख को दिन का तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया था इस हिसाब से इस साल तापमान का ये रिकॉर्ड टूट गया. मौसम विभाग की मानें तो गर्मी की अभी तो ये शुरुआत है.  आने वाले वक्त में तापमान और बढ़ेगा.

क्या है मौसम का ट्रेंड ?

गर्मी के मौसम में आए इस बदलाव ने लोगों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं. लोग यह सोच रहे हैं कि आखिरकार अप्रैल और मई के महीने कैसे गुजरेंगे. अगर मौसम के बीते कुछ साल के रिकॉर्ड को देखें तो 2011 से 2020 तक सिर्फ दो बार 2017 और 2019 में ही मार्च महीने में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री पार हुआ है. अभी मार्च खत्म होने में 3 दिन का वक्त और बचा है लिहाजा यह देखना होगा कि आखिरकार मार्च में तापमान और कितने रिकॉर्ड तोड़ता है.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.