BIHARBreaking NewsDARBHANGASTATE

दरभंगा एयरपोर्ट से अब हैदराबाद, पुणे और कोलकाता के लिए भी डायरेक्ट फ्लाइट

दरभंगा. मिथिलांचल के प्रमुख शहर दरभंगा में हवाई अड्डे की शुरुआत होते ही कई कीर्तिमान बने. दरभंगा एयरपोर्ट ने शुरुआत के साथ ही यात्री सेवाओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की, जिसकी केंद्र सरकार भी तारीफ कर रही है. दरभंगा एयरपोर्ट से यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी होते देख यहां लगातार विमान सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है. इसी क्रम में आज से तीन और शहरों के लिए फ्लाइट सर्विस की शुरुआत हुई. दरभंगा से अब आप हैदराबाद, पुणे और कोलकाता के लिए सीधी फ्लाइट ले सकेंगे. अभी तक यहां दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और अहमदाबाद के लिए डायरेक्ट फ्लाइट थी.

8 नवंबर 2020 को केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत दरभंगा एयरपोर्ट से व‍िमान सेवाओं की शुरुआत की गई. शुरू में दरभंगा से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए स्पाइसजेट ने विमान सेवाओं की शुरुआत की थी. यात्रियों का रुझान देखते हुए दरभंगा से अहमदाबाद के लिए भी विमान सेवा की शुरुआत की गई. इसी क्रम में 28 मार्च से स्पाइसजेट ने तीन नए शहरों के लिए फ्लाइट सर्विस शुरू की. दरभंगा से हैदराबाद, पुणे और कोलकाता जाने वाले मुसाफिर अब इन शहरों के लिए टिकटों की बुकिंग करा सकते हैं.

दरभंगा के विधायक संजय सरावगी ने एयरपोर्ट से विमान सेवाओं में बढ़ोतरी का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं. सीएम ने कुछ दिन पहले इसके लिए केंद्र सरकार को पत्र भी लिखा है. सरावगी ने कहा कि आज से तीन नए शहरों के लिए सीधी फ्लाइट शुरू हुई है, जिससे दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर समेत उत्तर बिहार के कई जिलों के यात्रियों को लाभ होगा. विधायक ने दरभंगा एयरपोर्ट से रात में भी विमान संचालन शुरू कराने की मांग की.

आपको बता दें कि एक दिन पहले ही केंद्रीय उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी और इस हवाई अड्डे के प्रति लोगों के बढ़ते रुझान को लेकर एक वीडियो शेयर किया था. वीडियो के जरिए केंद्रीय मंत्री ने कहा था कि दरभंगा एयरपोर्ट से उत्तर बिहार के 17 जिलों के निवासियों को लाभ होगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.