Breaking NewsENTERTAINMENT/FILM

अभिनेता सोनू सूद ने‌ भरी नई ‘उड़ान‌’, हवाई कंपनी ने यूं किया सलाम

मुम्बई : अभिनेता सोनू सूद ने अब एक नई ‘उड़ान’ भर ली है. पिछले साल कोरोना महामारी में लाखों मजदूरों व बेहाल लोगों को बसों, ट्रेनों और हवाई जहाज से उनके घरों तक मुफ्त में पहुंचाने में सहायता करने वाले सोनू सूद को देश-विदेश में खूब वाहवाही और तमाम तरह के सम्मान मिल चुके हैं. मगर अब एक देसी हवाई कंपनी ने सोनू सूद के सराहनीय कार्यों को लेकर उन्हें अनोखे ढंग से सम्मानित किया है.

घरेलू उड्डयन कंपनी स्पाइस जेट ने सोनू सूद को सेल्यूट करते हुए अपनी कंपनी के स्पाइजेट बोइंग 737 पर उनकी एक बड़ी सी तस्वीर उकेरी है. इस तस्वीर के साथ सोनू के लिए अंग्रेजी में एक खास पंक्ति भी लिख गई है – ‘ए सैल्यूट टू द सेविअर सोनू सूद’ अर्थात ‘मसीहा सोनू सूद को सलाम’.

एबीपी न्यूज़ ने जब सोनू सूद को उनकी इस नई ‘उड़ान’ को लेकर संपर्क किया तो वे स्पाइस जेट की ओर से मिले इस सम्मान को लेकर काफी खुश लग रहे थे.

एबीपी न्यूज़ से फोन पर खास बातचीत करते हुए सोनू ने कहा, “ये मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है. इससे मुझे याद आया कि जब मैं पहली दफा मुम्बई आया था तो मैं एक अनारक्षित टिकट के जरिए यहां पहुंचा था. अब जब स्पाइस जेट ने मुझे ये सम्मान दिया है तो मैं बेहद विनम्र महसूस कर रहा हूं और साथ ही मुझे बेहद गर्व का एहसास भी हो रहा हूं. मैं बता नहीं सकता हूं कि मुझे कितना अच्छा लग रहा है.”

वे आगे कहते हैं, “बहुत सारे लोगों की दुआएं हैं, खासकर उन लोगों की जिन्हें मैं लॉकडाउन के दौरान मिला. उन सबकी दुआओं के कारण मैं ये सब हासिल कर पाया हूं. वो कहते हैं न कि आसमां छूने आये थे और आसमान छू रहे हैं.”

उल्लेखनीय है कि सोनू सूद ने महामारी के दौरान न सिर्फ देश भर में फंसे लाखों गरीब लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में मदद की थी बल्कि उज्बेकिस्तान, रूस, अल्माति, किर्गिस्तान जैसे दुनिया भर की तमाम जगहों पर फंसे भारतीय छात्रों को भी देश में लौटने में मदद की थी. इसी के‌ साथ सोनू ने महामारी के दौरान कार्यरत तमाम डॉक्टरों और फ्रंटलाइन वर्करों को भी सहायता पहुंचाई थी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.