Breaking NewsCricketSPORTS

दूसरे टी20 में भारत की जीत, इंग्लैंड पर भारी पड़े इशान किशन और विराट कोहली

 अहमदाबाद में खेले गए दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया (India vs England) ने शानदार जीत दर्ज की. भारत को इंग्लैंड ने 165 रनों की चुनौती दी थी जिसे हासिल करने में उसे जरा भी परेशानी नहीं हुई. भारत की शुरुआत खराब रही और पहला ओवर मेडन तो रहा ही साथ में केएल राहुल भी शून्य पर निपट गए लेकिन इसके बाद कप्तान विराट कोहली और डेब्यू मैच खेल रहे इशान किशन ने शानदार अर्धशतक लगाया. दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 94 रनों की साझेदारी कर इंग्लैंड को मैच से बाहर कर दिया.

भारत की जीत में इशान किशन और विराट कोहली ने अर्धशतक लगाए. किशन ने अपने पहले इंटरनेशनल मैच में ही 28 गेंदों में हाफसेंचुरी ठोकी. किशन ने 32 गेंदों में 56 रन बनाए. किशन ने 5 चौके और 4 छक्के लगाए. कप्तान विराट कोहली ने भी टी20 में अपना 26वां अर्धशतक लगाया. कोहली टी20 में सबसे ज्यादा 50 से ज्यादा स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा. विराट कोहली ने नाबाद 73 रनों की पारी खेली और छक्के के साथ उन्होंने मैच को खत्म किया.

टॉस जीतना भारत के हक में गया
अहमदाबाद की पिच पर टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना भी टीम इंडिया के हक में गया. अहमदाबाद में रात के समय ओस पड़ती है जिसका असर इंग्लैंड की गेंदबाजी पर पड़ा. वैसे पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. पिच पर गेंद फंसकर आ रही थी और इसका फायदा टीम इंडिया के गेंदबाजों को मिला.

सबसे पहले भुवनेश्वर कुमार ने जोस बटलर को पहले ही ओवर में 0 पर आउट किया. इसके बाद डेविड मलान और जेसन रॉय विकेट पर टिके जरूर लेकिन तेजी से रन नहीं बना सके. 9वें ओवर में मलान को चहल ने LBW आउट किया. इसके बाद जेसन रॉय भी सेट होने के बाद वॉशिंगटन सुंदर को विकेट दे बैठे. रॉय ने 46 रनों की पारी खेली. जॉनी बेयरस्टो भी 15 गेंदों में 20 रन बनाकर वॉशिंगटन सुंदर का शिकार हो गए. इंग्लैंड के कप्तान मॉर्गन ने 20 गेंदों में 28 रन बनाए और वो ठाकुर का शिकार बने. ठाकु ने बेन स्टोक्स को भी 24 रन पर आउट किया, जिसके लिए उन्होंने 21 गेंद खेली. भारत ने आखिरी पांच ओवरों में सिर्फ 35 रन दिये.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.