BIHARBreaking NewsSTATE

RJD विधायक ने विधानसभा में कहा- बिना पीये नहीं सोते हैं कई नेता और अधिकारी, स्पीकर बोले- नाम बताइए

पटना. बिहार विधानसभा में बुधवार को शराबबंदी के मामले को लेकर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया है. सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के सदस्य प्रदर्शन करने लगे. हालात ऐसे बन गए कि प्रदर्शन करने वाले विपक्षी विधायक सदन के वेल तक जा पहुंचे. इस कड़ी में राजद ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

पार्टी के वरीय नेता और विधायक भाई वीरेंद्र ने सदन में कहा कि बिहार में कई ऐसे नेता और पदाधिकारी हैं जो रोजाना बिना शराब पीये नहीं सोते हैं, इसकी जांच करा ली जाए. भाई वीरेंद्र के इस बयान पर तुरंत ही विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने संज्ञान लिया और कहा कि आप उनका नाम बताएं जो बिना पीये नहीं सोते हैं. भाई वीरेंद्र ने इस पर कहा कि यह गोपनीय मसला है महोदय, इसलिए इसकी जांच करवाई जाए तो पता चल जाएगा.

राजद के इस आरोप पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मुझे अलग से नाम दे दीजिएगा. सरकार पर लग रहे आरोप के बीच संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी सामने आए और उन्होंने कहा कि भाई वीरेंद्र कह रहे हैं कि राजनैतिक लोग शराब पीकर सोते हैं, मुझे लगता है कि शायद वह अपना अनुभव बता रहे थे. शराबबंदी के विषय पर विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्षी पार्टी के विधायकों को अलग से डिबेट कराने की बात कही.

इस बीच विपक्ष ने बिहार सरकार के मद्य निषेध मंत्री सुनील कुमार से भी इस्तीफे की मांग की है. सदन की कार्यवाही के दौरान नीतीश कुमार का खेल है शराबबंदी फेल है जैसे नारे सदन में लगते रहे लेकिन इस बीच प्रश्नकाल भी जारी रहा.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.